21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ढाई साल से भी ज्यादा समय के बाद हुई जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी, आखिरी बार खेला था वर्ल्ड कप 2023 का फ़ाइनल मुक़ाबला

बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए उन्हें वनडे टीम से बाहर रखा गया था, लेकिन अगले साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। ऐसे में अब उनकी वापसी हुई है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Jun 21, 2026

Jasprit Bumrah

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वनडे टीम में मौका दिया है। (Photo - IANS)

Jasprit Bumrah, Indian ODI Team: इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति ने लंबे समय के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वनडे टीम में मौका दिया है। बुमराह ने आखिरी वनडे मैच नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप फाइनल खेला था, जिसमें भारत को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।

वर्कलोड मैनेजमेंटके चलते वनडे से बाहर थे

बुमराह करीब 31 महीने के बाद वनडे टीम में वापस आए हैं। तब से लेकर अब तक बुमराह टेस्ट क्रिकेट में कहर बरपा रहे हैं, भारत को दो टी20 विश्व कप (2024 और 2026) जिता चुके हैं और आईपीएल में भी लगातार खेल रहे हैं। बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए उन्हें वनडे टीम से बाहर रखा गया था, लेकिन अगले साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। ऐसे में अब उनकी वापसी हुई है। बुमराह को इस बड़े टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट रखने के लिए उनके वर्कलोड को बहुत ही सावधानी से मैनेज किया जा रहा है।

विराट कोहली को फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा

इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं, विराट कोहली को टीम में जगह दी गई है, लेकिन उन्हें फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। शुभमन गिल कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। गिल के साथ पारी का आगाज करते हुए रोहित शर्मा नजर आएंगे। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में शतकीय पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल नहीं किया गया है। विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल और ईशान किशन को टीम में जगह दी गई है। ऋषभ पंत को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। वॉशिंगटन सुंदर इस सीरीज के लिए सिलेक्टर्स का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं।

नीतीश कुमार रेड्डी को भी जगह मिली

वहीं, अक्षर पटेल को भी टीम में जगह दी गई है। नीतीश कुमार रेड्डी को भी 15 सदस्यीय टीम में रखा गया है। तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह के हाथों में सौंपी गई है। वहीं, उनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह देते हुए नजर आएंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले गुरनूर बरार को भी टीम में शामिल किया गया है।

कब और कहां खेले जाएंगे मैच

स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव को टीम में रखा गया है। वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई से होगी। सीरीज का पहला मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच 16 जुलाई को होगा, जबकि सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाना है। बीसीसीआई ने बताया है कि वरुण चक्रवर्ती आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। वरुण अपने पैर की इंजरी से अभी पूरी तरह से उबर नहीं सके हैं और इसी कारण वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, वरुण इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।