
सनराइजर्स लीड्स की मालकिन काव्या मारन और पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद। (फोटो सोर्स: IANS)
'द हंड्रेड' मेंस प्लेयर ऑक्शन में गुरुवार को पाकिस्तानी मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को खरीदने के बाद फ्रैंचाइजी की मालकिन काव्या मारन और सनराइजर्स लीड्स को सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। अबरार 'द हंड्रेड' में किसी भारतीय मालिकाना हक वाली टीम में खरीदे जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए, उन्हें करीब 2.3 करोड़ में साइन किया गया। लेकिन, भारतीय फैंस को ये बात नागंवार गुजरी है। फैंस ने इस कदम को राष्ट्रीय भावना के खिलाफ बताते हुए सोशल मीडिया पर सनराइजर्स और टीम की मालकिन की खूब आलोचना की है।
'द हंड्रेड' मेंस प्लेयर ऑक्शन में काव्या मारन को हेड कोच डेनियल विटोरी के साथ टेबल पर बैठे देखा गया। ऑक्शन से पहले इस बात पर काफी चर्चा थी कि क्या 'द हंड्रेड' में भारतीय मालिकाना हक वाली चार टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए बोली लगाएंगी? क्योंकि ऐसी खबरें थीं कि पहले की तरह इस बार भी उन पर कोई बोली नहीं लगाएगा।
अबरार को टीम में शामिल करने के कुछ ही घंटों बाद सनराइजर्स लीड्स का ऑफिशियल एक्स अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। प्लेटफॉर्म ने इसके लिए कोई खास वजह नहीं बताई है, लेकिन जब कोई उस अकाउंट को खोलने की कोशिश करता है, तो एक पॉप-अप में अकाउंट सस्पेंडिड लिखा नजर आ रहा है। बता दें कि एक्स उन अकाउंट्स को सस्पेंड करता है, जो नियमों का उल्लंघन करते हैं।
भारतीय मीडिया ग्रुप सन टीवी ने पिछले साल द हंड्रेड टूर्नामेंट में लीड्स फ्रेंचाइजी (पहले नार्दन सुपरचार्जर्स) का पूरी तरह से अधिग्रहण कर लिया था। इसके तहत उन्होंने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से 49 प्रतिशत हिस्सेदारी और बाकी 51 प्रतिशत हिस्सेदारी यॉर्कशायर से खरीदी थी।
सनराइजर्स की सिस्टर फ्रेंचाइजियों सनराइजर्स हैदराबाद (IPL) और सनराइजर्स ईस्टर्न कैप (SA20) ने इससे पहले कभी भी किसी सक्रिय पाकिस्तानी खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल नहीं किया है। द हंड्रेड की नीलामी में इस फ्रेंचाइजी ने ट्रेंट रॉकेट्स के साथ बोली की जंग जीतकर अबरार को अपनी टीम में शामिल किया है।
सनराइजर्स के कोच डेनियल विटोरी ने बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के उन खिलाड़ियों से सलाह ली थी, जिनके साथ अबरार ने साल की शुरुआत में खेला था। तभी अबरार को अपनी टीम में शामिल करने का फैसला किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फ्रेंचाइजी के अंदर इस बात पर कोई बैठक नहीं हुई थी कि वे नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को चुनेंगे या नहीं।
Published on:
13 Mar 2026 09:47 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
