
नई दिल्ली। 7 नवंबर को तिरूवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल ग्राउंड में केरल क्रिकेट एसोसिएशन ने पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित किया था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया आखरी टी20 मैच पूरे दिन लगातार हो रही बारिश की वजह से देर से शुरू हुआ जिसके चलते ओवरों में कटौती कर दी गई और 8-8 ओवरों का मुकाबला कराया गया। बारिश के चलते हड़बड़ाहट में केरल क्रिकेट एसोसिएशन से एक ऐसी गलती हो गई जिसका खामियाज़ा उन्हें भुगतना पड़ा। शायद जीत की खुशी में इस भूल की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया, लेकिन बाद में अहसास होने पर इस गलती के लिए माफी मांगी गई है और कहा गया है कि भविष्य में इसे दोहराया नहीं जाएगा।
राष्ट्रगान करना भूल गए
आईसीसी के नियमों के मुताबिक खेल शुरू होने से पहले दोनों टीमों के राष्ट्रगान मैदान पर गाए जाते हैं। लेकिन बारिश के चलते मैच लेट हो गया और केरल क्रिकेट एसोसिएशन मुकाबले से पहले राष्ट्रगान करना भूल गया और टॉस के बाद सीधे मैच शुरू कर दिया गया।
देशवासियों से मांगी माफ़ी
केरल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जयेश जॉर्ज ने इसे अपनी गलती मानी है। उन्होंने एक अखबार से कहा हां, हमसे ये बहुत बड़ी गलती हो गई है। हम सभी मैदान पर थे और समय कम होने के कारण बारिश के बाद मैच शुरू कराने की जल्दी में थे। सब कुछ इतना जल्दी हुआ के हम राष्ट्रगान करना भूल गए। यह हमारी तरफ से एक गंभीर चूक है और मैं देश के सभी नागरिको से माफी मांगता हूं, ऐसा फिर कभी नहीं होगा।
पहली बार भारत ने जीती टी20 सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस तीसरे और निर्णायक टी-20 मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 रनों से मात देकर सीरीज 2-1 से जीत ली थी। इस मैच की जीत भारत के लिए काफी यादगार रही क्योंकि भारत ने पहली बार न्यूज़ीलैंड को टी20 सीरीज में मात दी है।
Published on:
10 Nov 2017, 12:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.