
Asia Cup : पत्रिका का अनुमान निकला सटीक, राजस्थानी छोरे खलील अहमद ने किया डेब्यू
नई दिल्ली। मौजूदा विजेता भारत और हांगकांग के बीच एशिया कप का पहले मैच में दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा हैं। हांगकांग के कप्तान अंशुमन रथ ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में राजस्थान के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने डेब्यू किया है। यह मैच भारतीय खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट में अपनी लय हासिल करने के लिए अच्छा मैच साबित होगा क्योंकि उन्हें अगला मैच पाकिस्तान के साथ खेलना है। हांगकांग की टीम भारत के मुकाबले में कमजोर टीम है और ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों की कोशिश वनडे में अपनी लय हासिल करने की होगी।
जाने कौन हैं खलील अहमद
राजस्थान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने भारतीय टीम के लिए पदार्पण कर लिया है। राजस्थान के टोंक के रहने वाले 20 साल के खलील ने अब तक 17 लिस्ट-ए मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 28 विकेट लिए हैं। राहुल द्रविड़ 2016 अंडर-19 विश्व कप से ही उन पर निगाह रखे हुए हैं। वह हाल में भारत-ए के साथ इंग्लैंड दौरे पर भी गए थे। खलील को इंडियन प्रीमियर लीग में 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स और पिछले सत्र में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा था। आईपीएल की नीलामी में दिल्ली ने उन्हें सिर्फ 10 लाख रुपए में खरीदा था, जबकि हैदराबाद ने अहमद को 3.2 करोड़ रुपए में खरीदा हैं।
बुमराह को नहीं मिली जगह
भारतीय टीम 3 तेज गेंदबाज, 2 स्पिन गेंदबाज और 1 ऑल राउंडर के साथ उतरी है। यह तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर और खलील अहमद होंगे। दो स्पिनर यजुवेंद्र चहल और कुलदीप यादव हैं वहीं ऑल राउंडर केदार जाधव हैं। भारत का इस टूर्नामेंट का यह पहला मैच है जबकि हांगकांग, पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच खेल चुकी है जहां उसे हार मिली थी। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने नियमित कप्तान विराट कोहली के बिना उतर रही है। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है।
टीमें :
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, अंबाती रायडू, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), खलील अहमद, भुवनेश्वर कुमार, शार्दूल ठाकुर, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव।
हांगकांग : अंशुमान रथ (कप्तान), बाबर हयात, निजाकत खान, तनवीर अफजल, एजाज खान, क्रिस्टोफर कार्टर, नदीम अहमद, स्कॉट मैककेचिन (विकेटकीपर), अहसान खान, अहसान नवाज, किंचित शाह।
Updated on:
18 Sep 2018, 5:37 PM IST
Published on:
18 Sep 2018, 5:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.