
कीरोन पोलार्ड (Photo - IANS)
Kieron Pollard fine MI vs PBKS: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर गुरुवार की रात क्रिकेट का असली रोमांच देखने को मिला। मुंबई इंडियंस (MI) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को एक बेहद करीबी मुकाबले में 6 विकेट से हरा तो दिया, लेकिन इस जीत के साथ एक बड़ा विवाद भी जुड़ गया। मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड पर अंपायर से बदतमीजी करने के लिए मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया गया है।
मैच के 19वें ओवर में माहौल काफी गरमा गया था। खबर है कि पोलार्ड ने चौथे अंपायर के खिलाफ अभद्र भाषा (गाली-गलौज) का इस्तेमाल किया, जिसे IPL आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। पोलार्ड ने अपनी गलती मान ली है, लेकिन उन पर जुर्माने के साथ-साथ एक डिमेरिट पॉइंट भी लगा दिया गया है। यह पहली बार नहीं है जब पोलार्ड का नाम अनुशासन तोड़ने में आया हो।
201 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत धमाकेदार रही। रयान रिकेलटन ने सिर्फ 23 गेंदों में 48 रन कूटकर पंजाब के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। हालांकि, बीच में रोहित शर्मा (25 रन) और कुछ अन्य विकेट गिरने से मैच फंस गया था। ऐसे में तिलक वर्मा संकटमोचक बनकर उभरे। तिलक ने महज 33 गेंदों में 75 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़कर मैच मुंबई की झोली में डाल दिया। तिलक का साथ विल जैक्स और रदरफोर्ड ने भी बखूबी निभाया। पंजाब की ओर से युजवेंद्र चहल ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन वह तिलक के तूफान को नहीं रोक सके।
इससे पहले, पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। प्रभसिमरन सिंह (57 रन) ने पंजाब को जबरदस्त शुरुआत दी थी और एक समय लग रहा था कि स्कोर 220 के पार जाएगा। लेकिन तभी शार्दुल ठाकुर ने अपनी गेंदबाजी का जादू दिखाया। शार्दुल ने 39 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने मात्र एक ही ओवर में प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट करके पंजाब की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। हालांकि, आखिरी ओवरों में अजमतुल्लाह उमरजई ने 17 गेंदों में 38 रन बनाकर पंजाब को 200 के पार पहुंचाया, लेकिन तिलक वर्मा की पारी के आगे यह स्कोर भी छोटा पड़ गया।
इस हार के साथ पंजाब किंग्स (PBKS) की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को गहरा झटका लगा है। यह उनकी लगातार पांचवीं हार है। अब अगर उन्हें रेस में बने रहना है, तो अपने बचे हुए दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। वहीं, मुंबई के लिए यह जीत मरहम की तरह है, जिसने उनके गिरते मनोबल को थोड़ा सहारा दिया है।
Published on:
15 May 2026 12:39 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
