
केकेआर के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह आउट होने के बाद हताश मुद्रा में। (फोटो सोर्स: IANS )
Rinku Singh के लिए कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। आईपीएल (IPL 2026) के 19वें सीजन में यह बाएं हाथ का बल्लेबाज अपनी पुरानी लय से कोसों दूर नजर आ रहा है और इस समय उसके लिए एक-एक रन बनाना भी मुश्किल हो गया है। शुक्रवार रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उसकी मुश्किलें और बढ़ गईं। जहां वह क्रीज पर सिर्फ दो गेंदों तक ही टिक पाए और एक रन बनाकर आउट हो गए। केकेआर के उप कप्तान इस साल पांच पारियों में सिर्फ 79 रन ही बना सके हैं। उसका सर्वश्रेष्ठ स्कोर मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 33 रन रहा है।
केकेआर के पूर्व खिलाड़ी मनोज तिवारी जीटी के खिलाफ मैच में रिंकू सिंह के साथ किए गए बर्ताव से बिल्कुल भी खुश नहीं थे। उन्होंने रिंकू का आत्मविश्वाास तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस समय बल्लेबाज को आत्मविश्वास देने की सख्त जरूरत है, लेकिन मैनेजमेंट इसके विपरीत उसका आत्मविश्वास और भी ज्यादा कमजोर कर रहा है।
तिवारी ने क्रिकबज पर कहा कि आपने पूरा बैटिंग ऑर्डर ही बदल दिया। आपने अनुकूल रॉय को ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेज दिया। ऐसा करके आपने रिंकू को एक तरह से यह परोक्ष संकेत दे दिया कि आपको उस पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है। कोई भी समझदार इंसान रिंकू को ऊपर के क्रम में ही बल्लेबाजी के लिए भेजता, क्योंकि वह इतने लंबे समय से आपकी टीम का एक अहम हिस्सा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि जरा रिंकू को देखो, जब वह आउट होने के बाद वापस आया। वह पूरी तरह से टूट चुका था। उसे अपने अंदर से पता था कि उसके साथ ऐसा नहीं होना चाहिए था। जब आपको उसका आत्मविश्वास बढ़ाना था, तो आपने ठीक उसका उल्टा किया और रिंकू को बैटिंग ऑर्डर में नीचे भेज दिया। अगर केकेआर इसी तरह खेलती रही, तो वह पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे ही रहेगी।
तीन बार की चैंपियन टीम को अभी तक इस सीजन में कोई जीत नहीं मिली है और वह छह मैचों में सिर्फ एक अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे बनी हुई है। आईपीएल के किसी भी सीजन में इस फ्रैंचाइजी के लिए यह अब तक की सबसे खराब शुरुआत है। तिवारी ने कहा कि हाल के प्रदर्शनों को देखते हुए, यह साफ है कि केकेआर के अंदर टीम का माहौल ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि केकेआर के फैंस ने तीन टाइटल देखे हैं। लेकिन, इस साल आपके मुख्य गेंदबाज घायल हो गए, पर ऐसा भी नहीं था कि टीम की सारी ताकत ही खत्म हो गई हो। टीम तब भी मजबूत थी। लेकिन, कुछ तो गड़बड़ है, चाहे वह माहौल हो या टीम का कॉम्बिनेशन। यह एक निराशाजनक प्रदर्शन था। बता दें कि अब केकेआर अपना सातवां मुकाबला रविवार 19 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी और अगर वह हारती है तो उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद हो सकते हैं।
Published on:
18 Apr 2026 02:06 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
