
Sarah Taylor and Diana Became Mother: इंग्लैंड की पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सारा टेलर और उनकी समलैंगिक पार्टनर डियाना मां बन गई हैं। उनकी पार्टनर डियाना ने एक लड़के को जन्म दिया है। 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाली इंग्लैंड की विकेटकीपर-बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर अपनी साथी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की है। जिसमें वे दोनों इस नवजात को गोदी में लिए हुए हैं।
सारा टेलर ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'इस छोटे बच्चे के साथ यह क्या सप्ताह रहा! दुनिया में आपका स्वागत है लॉरी। डियाना तुम भी मेरी दुनिया हो। मुझे तुम पर गर्व है।' कुछ महीने पहले जब सारा ने अपनी पार्टनर की गर्भावस्था के बारे में घोषणा की थी तब उन्हें कुछ ट्रोल्स का सामना करना पड़ा था। तब सारा ने ट्रोल्स को करारा जवाब देते हुए बताया था कि IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) मेथड का इस्तेमाल कर डियाना प्रेग्नेंट हुई हैं।
तब उन्होंने कहा था कि, "हां, मैं एक लेसबियन हूँ, और बहुत लंबे समय से हूं। नहीं, यह कोई विकल्प नहीं है। मैं प्यार में हूं और खुश हूं, यही मायने रखता है। हर परिवार अलग होता है... यह कैसे काम करता है और कैसा दिखता है। फैसला सुनाने से पहले खुद को शिक्षित करें। बच्चे को प्यार और सपोर्ट दिया जाएगा।'
महिला क्रिकेट के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपरों और सबसे सफल क्रिकेटरों में से एक, टेलर ने सितंबर 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। टेलर ने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के कारण मार्च 2016 में खेल से अनिश्चितकालीन ब्रेक भी लिया था, लेकिन बाद में विश्व कप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। 2017 के विश्व कप में उन्होंने 49.50 की औसत से 396 रन बनाए। टेलर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में 147 रन बनाए और सेमीफाइनल में 54 और फाइनल में भारत के खिलाफ 45 रन बनाए।
Published on:
06 Jul 2023 07:17 pm
