
LSG vs DC: IPL 2025 का 40वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजयपेयी इकान क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टॉस जीता और पहले बॉलिंग का निर्णय लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए।
लखनऊ सुपर जायंट्स टीम की शुरुआत अच्छी रही। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श की ओपनिंग जोड़ी ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मैदान के चारों ओर आकर्षक स्ट्रोक खेल स्टेडियम में बैठे लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रशंसकों को खुश कर दिया। दोनों के बीच 10 ओवर में 87 रन की साझेदारी हुई। एडेन मार्करम 33 गेंद में 2 चौके और 3 छक्के संग अर्द्धशतक (52 रन) ठोक आउट हुए। एडेन मार्करम का यह इस सीजन चौथा अर्द्धशतक है। मार्करम के आउट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स को वापसी का मौका मिला।
दिल्ली कैपिटल्स ने निकोलस पूरन (9 रन) और अब्दुल समद (2 रन) को जल्द पवेलियन भेज लखनऊ सुपर जायंट्स की मुश्किलें बढ़ा दी। पूरन और अब्दुल के बाद 14वें ओवर में शानदार बल्लेबाजी कर रहे मिचेल मार्श को मुकेश कुमार ने चलता कर दिया। मिचेल मार्श ने 36 गेंद में 3 चौके और 1 छक्के संग 45 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान मिचेल मार्श ने आईपीएल में 1000 रन भी पूर कर लिए।
इसके बाद डेविड मिलर और आयुष बदोनी ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 34 गेंद में 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने सम्मानजनक स्कोर हासिल किया। आयुष बदोनी 21 गेंद में 6 चौके संग 36 बनाकर आउट हुए। डेविड मिलर 15 गेंद में 1 चौके संग 15 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कप्तान ऋषभ पंत पारी की आखिरी गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इस तरह लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा मिचेल स्टार्क और दुष्मंथा चमीरा को 1-1 सफलता मिली। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव और विपराज निगम कोई सफलता हासिल नहीं कर सके।
Updated on:
22 Apr 2025 10:15 pm
Published on:
22 Apr 2025 09:06 pm

बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
