1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

LSG के कोच ने ऋषभ पंत की बैटिंग पोजिशन बताने से किया इनकार, DC के खिलाफ बनाया तगड़ा प्लान

लखनऊ सुपर जायंट्स IPL 2026 में अपने अभियान का आगाज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले से करेगी। दोनों टीमें अब तक खिताब नहीं जीत पाई हैं।

2 min read
Google source verification
Rishabh Pant

ऋषभ पंत (फोटो- IANS)

LSG vs DC, IPL 2026: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) अपना पहला मुकाबला बुधवार को अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ खेलेगी। इस मैच में एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की नजरें रहेंगी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच में ऋषभ पंत किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, इसको लेकर भी कयासों का दौर जारी है। टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंत के बल्लेबाजी क्रम को लेकर कोई खुलासा नहीं किया।

इस वजह से नहीं बताई बैटिंग पोजिशन

लैंगर ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं यहां बैठकर आपको यह नहीं बताने वाला कि ऋषभ पंत कल कहां बैटिंग करेंगे। मैं आपके पूछने की तारीफ करता हूं, लेकिन अगर आप सीधा जवाब चाहते हैं, तो मैं आपको यह नहीं बता रहा कि वह कल कहां बैटिंग करेंगे। इससे दिल्ली कैपिटल्स को पंत के खिलाफ रणनीति बनाने का मौका मिल जाएगा। आप भी सब की तरह इंतजार करें।"

हेड कोच ने कहा, "ऋषभ पंत अपने बेस्ट फॉर्म में हैं। वह आक्रामक बैटिंग कर रहे हैं। आप सबने पिछले साल आरसीबी के खिलाफ वह मैच देखा था, वह शानदार था। ऋषभ पंत किसी भी दूसरे भारतीय खिलाड़ी की तरह प्रतिस्पर्धा को समझते हैं। उन पर दबाव है लेकिन यह उनके लिए अच्छा है। वह मजबूती से उभरेंगे। उनके आस-पास उन्हें सपोर्ट करने और उनसे बेस्ट निकलवाने के लिए बेहतर लोग हैं।"

ऋषभ पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। आईपीएल 2025 की नीलामी में उन्हें एलएसजी ने 27 करोड़ में खरीदा था। पंत के लिए पिछला सीजन कप्तान और खिलाड़ी के रूप में निराशाजनक रहा था। एलएसजी प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं रही थी। वहीं पंत ने बल्ले से भी निराश किया था। एक शतकीय पारी को छोड़ दें तो पूरे सीजन पंत संघर्ष करते दिखे थे। पिछले सीजन ऋषभ पंत ने कुल 269 रन बनाए थे।

आईपीएल 2026 ऋषभ पंत के लिए एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में कड़ी परीक्षा वाला है। यह सीजन न सिर्फ आईपीएल करियर बल्कि उनके सीमित ओवरों के अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए भी अहम है। बता दें कि ऋषभ भारत की वनडे और टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।