
कगिसो रबाडा पसलियों में चोट के कारण नहीं खेल रहे (Photo - EspnCricInfo)
India vs South Africa 1st Test: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज से कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर शुरू हो रहा है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेंबा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को पहले टेस्ट मैच में प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया है।
कगिसो रबाडा पसलियों में चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हैं। उनके स्थान पर कॉर्बिन बॉश को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। कगिसो रबाडा साउथ अफ्रीका की ओर से 73 टेस्ट मुकाबलों में 22.03 की औसत के साथ 340 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यदि रबाडा वहां खेलते हैं और 10 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वे टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा छू लेंगे।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए कप्तान तेंबा बावुमा ने कहा, “हमारे खिलाड़ी अभी पाकिस्तान दौरे से लौटे हैं। मैं ए टीम के साथ था। तैयारी के नजरिए से हमने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। हर दिन 50-60 हजार दर्शकों के सामने खेलने का मौका नहीं मिलता। मैं इस चुनौती का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं हर चीज का इंतजार कर रहा हूं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीतने के बाद सब कुछ सही दिशा में चल रहा है। उम्मीद है कि ज्यादा कुछ नहीं बदलेगा। प्रदर्शन के लिहाज से हमें और गर्व के साथ आगे बढ़ना होगा, लेकिन जो कर रहे हैं, उसे जारी रखना है। पिच थोड़ी सूखी है, ज्यादा घास नहीं है। यह सामान्य भारतीय विकेट है। पहली पारी में रन बनाना सबसे अहम होगा।”
भारतीय टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की लंबे अंतराल के बाद वापसी हुई है। पैर की चोट के कारण उन्होंने इंग्लैंड दौरा बीच में छोड़ दिया था और इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेल सके थे। पंत के साथ प्लेइंग-11 में ध्रुव जुरेल को भी जगह मिली है, जिससे टीम में दो विशेषज्ञ विकेटकीपर-बल्लेबाज मौजूद हैं।
Updated on:
14 Nov 2025 10:27 am
Published on:
14 Nov 2025 10:27 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
