10 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

catch_icon

प्लस

epaper_icon

ई-पेपर

profile_icon

प्रोफाइल

दुनिया के अनोखे और इकलौते कप्तान हैं MS Dhoni, ICC ने भी बधाई

ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु साहनी ने Mahendra Singh Dhoni की तारीफ करते हुए कहा कि वह सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक हैं।

2 min read
Google source verification
ms_dhoni_is_only_one_captain_of_the_world.jpg

MS Dhoni is only one captain of the world ICC also congratulated

दुबई : महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) का करियर शानदार रहा है। वह दुनिया के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिनके खाते में तीनों आईसीसी ट्रॉफी (ICC Trophy) है। उन्होंने 2007 में टी-20 विश्व कप (T20 World Cup 2007), 2011 में वनडे विश्व कप (ODI World Cup 2011) और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy 2013) जीती थी। उनकी इस उपलब्धि समेत उनके शानदार करियर के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें बधाई दी है। 39 साल के धोनी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। वह 2014 में पहले ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे।

धोनी सर्वकालिक महान खिलाड़ी : आईसीसी

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु साहनी ने महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि वह सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक हैं। वानखेड़े स्टेडियम में 2011 आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में लगाए गए विजयी शॉट की छवि दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में बसी हुई है। साहनी ने कहा कि धोनी ने पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है और उनकी कमी खलेगी। इसके आगे उन्होंने कहा कि आईसीसी की ओर से वह उनके शानदार क्रिकेट करियर के लिए बधाई और भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं।

शानदार हैं धोनी की उपलब्धियां

महेंद्र सिंह धोनी 2006 से 2010 के बीच 656 दिन तक आईसीसी पुरुष वनडे रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाज रहे। उन्हें 2008 और 2009 में लगातार दो साल आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर चुना गया। धोनी आठ बार आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम (ICC Best ODI Team) और चार बार टेस्ट टीम (ICC Best Test Team) का हिस्सा रहे। इनमें से चार साल आईसीसी ने उन्हें वनडे और टेस्ट दोनों की सर्वश्रेष्ठ टीम में चुना। आईसीसी ने धोनी को 2006, 2008, 2009, 2010, 2011, 2012, 2013 और 2014 में सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम और 2009, 2010, 2012 और 2013 में साल की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम में जगह दी थी। उन्हें 2011 में आईसीसी का स्पिरिट ऑफ क्रिकेट पुरस्कार (ICC Spirit of cricket) भी मिला।

ऐसा रहा है धोनी का अंतरराष्ट्रीय करियर

महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैचों की 144 पारियों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने छह शतक और 33 अर्धशतक लगाया। उनका सर्वोच्च स्कोर 224 है। बतौर विकेटकीपर उन्होंने कुल 294 शिकार किए हैं। इनमें से 256 कैच और 38 स्टंप हैं।

वहीं 350 एकदिवसीय मैच की 297 पारियों में उन्होंने 50.57 की औसत से 10,773 रन बनाए हैं। इसमें उनके नाम 10 शतक और 73 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 183 हैं, जबकि बतौर विकेटकीपर उनके हाथ 444 शिकार लगे हैं। इनमें से 321 कैच और 123 स्टंप है।

टी-20 क्रिकेट की बात करें तो 98 मैचों में 37.60 की औसत और दो अर्धशतक की मदद 1617 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 56 हैं, जबकि बतौर विकेटकीपर उनके नाम 91 शिकार हैं। इनमें से 57 कैच और 34 स्टंप हैं।