
इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (Photo - IANS)
ENG vs AUS Final, England Captain Nat Sciver Brunt statement: लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 7 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी। रविवार को मेजबान इंग्लैंड के पास खिताब जीतने का सुनहरा मौका था, लेकिन मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम ने उनका यह सपना तोड़ दिया। इस करारी हार के बाद इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने माना कि ज्यादा अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने उन्हें मैच में पछाड़ दिया, लेकिन साथ ही ये भी कहा कि इस हार के बावजूद इंग्लैंड की टीम के पास गर्व करने के लिए बहुत कुछ है।
मैच में इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने खुद मोर्चे से अगुवाई की। उन्होंने 53 गेंदों पर नाबाद 58 रनों की बेहतरीन पारी खेली और टीम को 150/4 के स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, यह स्कोर ऑस्ट्रेलिया को रोकने के लिए काफी नहीं था। ऑस्ट्रेलिया ने महज 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। कंगारू टीम की तरफ से बेथ मूनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 रन बनाए और अपनी टीम को चैंपियन बना दिया। मूनी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' दोनों चुना गया।
खिताबी मुकाबला गंवाने के बाद कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने कहा, 'इस हार से हमें बहुत निराशा हुई है। हमारा पूरा टूर्नामेंट बहुत अच्छा रहा था। आज हमें एक बेहतरीन ऑस्ट्रेलयाई टीम ने मात दी, जिसने इतने बड़े फाइनल में अपने अनुभव का सही इस्तेमाल किया।' नैट ने माना कि टॉस की भूमिका अहम थी। उन्होंने कहा, 'मैं टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना चाहती थी, लेकिन हम उस पिच पर एक अच्छा स्कोर बनाने से चूक गए। बल्लेबाजी में लय पकड़ना मुश्किल हो रहा था और दबाव के समय ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने सही जगह पर गेंद डाली।'
नैट साइवर-ब्रंट ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की रणनीति और बेथ मूनी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'बेथ मूनी ने आज फिर कमाल की पारी खेली। हमें पूरा भरोसा था कि ऑस्ट्रेलिया शुरू से ही आक्रामक खेलेगा, क्योंकि उनकी बल्लेबाजी लाइनअप बहुत मजबूत है और यह हमेशा से उनका स्टाइल रहा है।'
निराशा के बीच अपनी टीम का हौसला बढ़ाते हुए नैट ने कहा, 'हार के बावजूद हमें अपनी टीम पर गर्व है। हमने टूर्नामेंट के लिए बहुत मेहनत की थी। हमारी टीम के सभी खिलाड़ी एक-दूसरे का पूरा ख्याल रखते हैं और आगे भी अच्छा करेंगे।'
संबंधित विषय:
Updated on:
06 Jul 2026 11:34 am
Published on:
06 Jul 2026 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Women's T20 World Cup 2026
