
लॉकी फर्ग्यूसन (फोटो- न्यूजीलैंड क्रिकेट)
NZ vs SA 2nd T20 Highlights: साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की T20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 68 रन से धमाकेदार जीत हासिल की है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम सिर्फ 107 रन पर ढेर हो गई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। बता दें कि पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने कीवी टीम को 91 रन पर ढेर कर शानदार जीत हासिल की थी।
हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान केशव महाराज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉम लैथम ने पारी की शुरुआत की, लेकिन वह सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि टिम रॉबिन्सन एक रन बनाकर चलते बने। इसके बाद निक केली भी 21 रन बनाकर आउट हो गए, तो कप्तान मिचेल सेंटनर 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
हालांकि, सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने एक छोर संभाले रखा और अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 49 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए और 16वें ओवर में आउट हो गए। इसके बाद अंत में कोल मैककॉन्ची और जोश क्लार्कसन ने टीम को 175 रन तक पहुंचा दिया। साउथ अफ्रीका के लिए ब्योर्न फोर्टुइन ने दो विकेट चटकाए, जबकि जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, ब्योर्न हैंड्रिक्स और ओटनील बार्टमैन को एक-एक सफलता मिली।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनिंग करने उतरे बल्लेबाजों के साथ कॉनर एस्टरहुइजन भी जल्दी आउट हो गए। टीम का यह प्रयोग पूरी तरह असफल रहा और 67 के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। जॉर्ज लिंडे ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, जबकि 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 16 ओवर में 107 रन पर ढेर हो गई।
न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन और बेन सियर्स ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों ने 3-3 विकेट चटकाए। वहीं, मिशेल सेंटनर ने 2 विकेट झटके, जबकि कोल मैककॉन्ची और जेम्स नीशम को भी 1-1 सफलता मिली। सीरीज का तीसरा मुकाबला अब ऑकलैंड के ईडन पार्क में 20 मार्च को खेला जाएगा। इसके बाद चौथा मैच 22 मार्च को वेलिंगटन में और आखिरी मुकाबला 25 मार्च को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।
Updated on:
17 Mar 2026 03:46 pm
Published on:
17 Mar 2026 03:38 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
