
आईपीएल ट्रॉफी। (फोटो सोर्स: IPL)
Overseas players likely to make IPL debut in 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का आगाज होने में अब दो सप्ताह से कम समय बचा है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग के 19वें सीजन के लिए मंच तैयार है। हर सीजन की तरह फ्रेंचाइजी आईपीएल ऑक्शन के जरिए नए विदेशी टैलेंट की तलाश करती हैं। इस साल भी टीमों ने कई अहम विदेशी प्लेयर्स को खरीदा है। इनमें से पांच ऐसे हैं, जिनका आईपीएल 2026 में डेब्यू तय माना जा रहा है। ये नए विदेशी खिलाड़ी अपने साथ कुछ अनोखे हुनर ला सकते हैं, जिससे फ्रेंचाइजी को अपनी प्लेइंग XI को मजबूत करने और चार विदेशी खिलाड़ियों के नियम के तहत संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। आइये एक नजर डालते हैं, उन पांच खिलाड़ियों पर जिनका डेब्यू करना तय है।
ऑस्ट्रेलियाई लेफ्ट आर्म पेसर बेन ड्वार्शियस को पंजाब किंग्स ने बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये में साइन किया था। बीबीएल में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें एक्सीलरेटेड राउंड में 4.40 करोड़ रुपये मिले हैं। 31 वर्षीय ड्वार्शियस 2018 से ही आईपीएल का हिस्सा रहे हैं, लेकिन इस साल उनके आईपीएल डेब्यू की बहुत ज्यादा संभावना है, क्योंकि उनमें अलग-अलग तरह की पिचों पर खासकर धीमी पिचों पर गेंदबाजी में जबरदस्त काबिलियत दिखाई है।
टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक ओपनर में से एक माने जाने वाले न्यूजीलैंड के फिन एलन भी आईपीएल डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। मिनी ऑक्शन में तीन बार की चैंपियन टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। यह विकेटकीपर-बल्लेबाज अपने साथ बेखौफ अंदाज और तेज फुटवर्क लेकर आता है, जिससे वह मैच की शुरुआत से ही अपने शानदार शॉट्स का प्रदर्शन कर पाता है। 26 साल के इस खिलाड़ी का टी20 में स्ट्राइक रेट 176 से ज्यादा है। यह केकेआर की टीम में एकदम फिट बैठते हैं। टीम को आक्रामक ओपनर की तलाश थी, जो पावरप्ले का पूरा फायदा उठा सके और विकेटकीपर की भूमिका भी निभा सके। प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह पक्की मानी जा रही है।
श्रीलंका के ओपनिंग बल्लेबाज पथुम निसांका को मिनी-ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 4 करोड़ रुपये में शामिल किया है। श्रीलंका के इस खिलाड़ी के लिए यह उनका पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट है, जिसका वे पूरा फ़ायदा उठाना चाहेंगे। पिछले दो सालों से इंटरनेशनल क्रिकेट में वे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने 26 पारियों में 160 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से कुल 976 रन बनाए। निसांका डीसी के टॉप ऑर्डर को मजबूती देंगे और टीम को तेज शुरुआत दिला सकते हैं।
आईपीएल में डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में एक और दिलचस्प नाम इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स का भी है। मिनी ऑक्शन में वह अनसोल्ड रह गए थे, जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीद लिया। उनमें विकेटकीपिंग के साथ मिडिल-ऑर्डर में आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता है। इस बड़े टूर्नामेंट में वे एक बैकअप विकल्प के तौर पर टीम के काम आ सकते हैं। उम्मीद है कि उन्हें अपनी काबिलियत साबित करने के लिए एक-दो मैच खेलने का मौका जरूर मिलेगा।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने हाल ही में जिम्बाब्वे के प्रमुख तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को मुस्तफ़िजुर रहमान की जगह टीम में शामिल करने की घोषणा की है। 6 फीट 8 इंच का यह तेज गेंदबाज नाइट राइडर्स के साथ अपना आईपीएल डेब्यू करने के लिए तैयार है, क्योंकि हर्षित राणा चोट के कारण इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे। T20I में उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उनका प्लेइंग इलेवन में चुना जाना तय है। T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान उन्होंने 6 मैचों में 7.89 की इकॉनमी से 13 विकेट अपने नाम किए थे।
Published on:
16 Mar 2026 12:27 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
IPL 2026
