
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए एशिया कप 2023 के सुपर 4 मुक़ाबले में पाकिस्तानी टीम को बहुत बड़ा झटका लगा है। जहां टीम को चिर प्रतिद्वंदी भारत के हाथों 228 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। वहीं उनके मुख्य तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और नसीम शाह चोटिल हो गए। दो दिन तक चले इस मैच के दूसरे दिन नसीम ने तो गेंदबाजी की, लेकिन हारिस गेंदबाजी के लिए नहीं आए। इतना ही नहीं चोट इतनी गंभीर थी कि दोनों बल्लेबाजी करने भी नहीं आए।
हारिस रऊफ और नसीम शाह ने अबतक इस टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की है और अच्छी फॉर्म में हैं। हारिस जहां नौ विकेट लेकर अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, वहीं नसीम ने सात विकेट लिए हैं। लेकिन अब पाकिस्तान पर इन दोनों के बिना पूरा टूर्नामेंट खेलने का खतरा मंडरा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई है कि नसीम और हारिस के अब एशिया कप के बाकी बचे मैच खेलने पर संशय है। ऐसे में पाकिस्तान ने शाहनवाज धानी और जमान खान को बैकअप गेंदबाज के तौर पर बुलाया है।
पाकिस्तान फिलाहल सुपर 4 राउंड में श्रीलंका के खिलाफ खेलना है और अगर टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई करती है तो दो मैच खेलेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हारिस और नसीम के श्रीलंका के खिलाफ 14 सितंबर को होने वाले मैच में खेलने पर संशय है। यह मैच पाकिस्तान के लिए करो या मरो वाला मैच है। उस मैच में जीत से ही पाकिस्तान की टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई कर पाएगी। वहीं, अगर पाकिस्तान की टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई करती है तो उनका 17 सितंबर को भी खेलना संदिग्ध है।|
पीसीबी ने मीडिया रिलीज में कहा- हमनें सावधानी के तौर पर दोनों को बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा। विश्व कप को देखते हुए खिलाड़ियों की फिटनेस और उनकी देखरेख के लिए फैसला लिया गया। हारिस रऊफ और नसीम शाह पाकिस्तान की मेडिकल टीम की देखरेख में हैं और उन पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। टीम मैनेजमेंट तभी एशियन क्रिकेट काउंसिल से रिप्लेसमेंट की मांग करेगा, जब दोनों अगले कुछ दिनों में ठीक नहीं होते हैं।
Published on:
12 Sept 2023 04:36 pm
