
पाकिस्तान की मेजबानी में खेली जाने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर जारी विवाद के बीच पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा झटका दिया है। आईसीसी ने आदेश दिया है कि पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी को पाक अधिकृत कश्मीर (POK) में नहीं घुमाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की आपत्ति के बाद आईसीसी ने यह आदेश दिया। पाकिस्तान सरकार का प्लान था कि चैंपियंस ट्रॉफी को 16 से 24 नवंबर के बीच पूरे पाकिस्तान में घुमाया जाएगा। इसे पीओके के तीन शहरों स्कार्दु, मुर्री और मुजफ्फराबाद भी ले जाने की तैयारी थी।
चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट अगले साल 19 फरवरी से 9 मार्च तक होना है। इसका शेड्यूल अब तक नहीं आया है। ट्रॉफी 14 नवंबर को पाकिस्तान पहुंच चुकी है। आईसीसी के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब शेड्यूल जारी होने से पहले ट्रॉफी मेजबान देश पहुंची और उसे घुमाने की तैयारी चल रही है। बीसीसीआई पहले ही अपनी टीम सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान भेजने से इनकार कर चुका है। कयास लगाए जा रहे हैं कि टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल के तहत कराया जा सकता है। हालांकि पाकिस्तान हाइब्रिड मॉडल अपनाने के लिए तैयार नहीं है। भारत का कहना है कि वह अपने सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलना पसंद करेगा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने गुरुवार को चैंपियंस ट्रॉफी को देशभर में घुमाने का ऐलान किया था। उसने बयान में कहा था कि पाकिस्तान, तैयार हो जाओ। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी देशभर में घुमाई जाएगी। इसकी शुरुआत 16 नवंबर को इस्लामाबाद से होगी। बाद में ट्रॉफी स्कार्दु, मुर्री और मुजफ्फराबाद भी ले जाई जाएगी।
बयान में जिन शहरों का जिक्र है, उनमें से तीन पीओके का हिस्सा हैं। इन शहरों का जिक्र खास मकसद से किया गया था। पाकिस्तान इस बहाने भारत को उकसाना चाहता है, लेकिन उसके 'नापाक' इरादों को बीसीसीआई ने पहले ही भांप लिया और आईसीसी के सामने आपत्ति दर्ज कराते इस पर रोक लगवा दी।
Updated on:
16 Nov 2024, 8:17 AM IST
Published on:
16 Nov 2024, 8:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.