
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह। (फोटो सोर्स: IANS)
PCB notice to Naseem Shah: पाकिस्तानी पेसर नसीम शाह को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कारण बताओ नोटिस जारी किया और उन पर अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के अनुसार, नसीम ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की आलोचना की थी। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2026) में रावलपिंडी पिंडीज का प्रतिनिधित्व करेंगे, गुरुवार को टूर्नामेंट के शुरुआती मैच से पहले वह नवाज पर निशाना साधते हुए नजर आए थे।
पीएसएल 2026 बिना दर्शकों के बंद दरवाजों के पीछे खेला जा रहा है। हालांकि, लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समेन के बीच टूर्नामेंट के शुरुआती मैच के लिए गद्दाफी स्टेडियम में कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। मरियम नवाज, जो पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और वर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भतीजी हैं, कई कारों के सुरक्षा काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची थीं।
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, नसीम शाह के अकाउंट से पीसीबी के मीडिया अकाउंट की पोस्ट को कोट ट्वीट किया गया, जिसमें पूछा गया कि उन्हें लॉर्ड्स में रानी की तरह क्यों ट्रीट किया जा रहा है? हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद ही पोस्ट डिलीट कर दी गई। इसके बाद तेज गेंदबाज ने कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और उन्होंने कुछ घंटों बाद उसे रिकवर कर लिया।
नसीम के ट्वीट्स से पीसीबी नाराज हो गया है और एक बयान जारी करते हुए कहा कि इस नसीम शाह ने अपने कॉन्ट्रैक्ट के साथ-साथ मीडिया नीति और नियमों का भी उल्लंघन किया है। पाकिस्तान बोर्ड ने यह भी कहा कि नसीम के जवाब देने के बाद ही अंतिम अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी। हालांकि, बोर्ड ने यह साफ नहीं किया है कि नसीम ने किस नियम का उल्लंघन किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, ऐसा लगता है कि इसका संबंध पीसीबी के आचार संहिता के नियम 2.23 से है। इस नियम में कहा गया है कि बोर्ड, उसके किसी भी अधिकारी या प्रायोजक या नीतियों, आईसीसी या उसके किसी भी अधिकारी या प्रायोजक, खिलाड़ी, खिलाड़ी सहायता कर्मी या मैच अधिकारियों (अंपायर और मैच रेफरी सहित) की किसी भी तरह की सार्वजनिक आलोचना या उनके संबंध में कोई भी अनुचित टिप्पणी, चाहे ऐसी आलोचना या टिप्पणी कभी भी की गई हो, की अनुमति नहीं है।
पिछले कुछ वर्षों में पीसीबी ने किसी भी तरह की राजनीतिक अभिव्यक्ति के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पिछले साल ऑलराउंडर आमिर जमाल पर 10 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया था। उन्होंने एक नारा प्रदर्शित किया था, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के कप्तान इमरान खान के प्रति समर्थन दिखाया गया था। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के दौरान एक ट्रेनिंग सत्र में जमाल अपनी फ्लॉपी टोपी के नीचे '804' लिखा हुआ पहने हुए आए थे। यह ध्यान देने योग्य है कि यह संख्या इमरान का जेल नंबर है। उन्हें अगस्त 2023 से जेल में रखा गया है।
Updated on:
28 Mar 2026 07:43 am
Published on:
28 Mar 2026 07:43 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
