
फखर जमान पर गेंद के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा (Photo - PSL)
Fakhar Zaman, PSL Ball Tampering: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का छठा मुक़ाबला लाहौर कलंदर्स (LHQ) और कराची किंग्स (KRK) के बीच खेला गया। लाहोर के गद्दाफ़ी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बॉल टेंपरिंग का एक मामला सामने आया है। लाहौर कलंदर्स की ओर से खेल रहे विस्फोटक बल्लेबाज फखर जमान पर गेंद के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है।
दरअसल, आखिरी ओवर में कराची किंग्स को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। यह ओवर हारिस रऊफ को कराना था। तभी लाहौर के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और फखर जमान उनके पास आ गए और रन-अप के पास इकट्ठा हो गए। तीनों खिलाड़ियों ने बारी-बारी से गेंद को हाथ में लिया। तभी जमान ने गेंद की सीम से कुछ छेड़छाड़ की। यह पूरा मामला कैमरे में कैद हो गया।
अंपायर फैसल अफ़रीदी भी ये सब देख रहे थे। उन्होंने तुरंत गेंद मांगी और उसे देखा। स्क्वायर लेग अंपायर शर्फुद्दौला से चर्चा के बाद अंपायरों ने ये स्पष्ट किया कि बॉल टेंपरिंग हुई है और लाहौर पर पांच रन की पेनल्टी लगा दी। इसके बाद अंपायरों ने गेंद को भी बादल दिया। इसके बाद कराची को जीत के लिए सिर्फ 9 रन ही बनाने थे और टीम ने 3 गेंद रहते 4 विकेट से मैच जीत लिया।
कप्तान शाहीन शाह अफरीदी अंपायर के इस फैसले से नाराज़ हो गए। मैच के बाद जब उनसे इस कांड के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। रमीज राजा ने उनसे बॉल टैंपरिंग के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "मुझे इस बारे में नहीं पता और हम देखेंगे कि यह कैमरे में है या नहीं और इस पर बात करेंगे कि यह क्या है। असल में, पांच रन ले लिए गए और हम कुछ नहीं कर सकते। जैसे, आप कह नहीं सकते।"
मैच की बात करें तो लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 128 रन बनाए थे। जवाब में कराची किंग्स ने इसे 19.3 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह कराची की लगातार दूसरी जीत है। इसी के साथ वह टेबल के टॉप पर पहुंच गई है। वहीं लाहौर दो मैचों में एक जीतकर दूसरे स्थान पर है।
Updated on:
30 Mar 2026 08:39 am
Published on:
30 Mar 2026 08:39 am
