
मार्नस लाबुशेन की टीम की महरून जर्सी का उतरा रंग और सफेद गेंद हो गई गुलाबी। (Photo - @marnus3)
PSL 2026, Pakistan Super League: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत होने से ठीक पहले पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 11वां सीजन शुरू तो हो गया है, लेकिन इसके साथ ही मुसीबतों का पहाड़ भी टूट पड़ा है। पीएसएल शुरू होने से पहले ही इसे कई झटके लगे, कभी पेट्रोल की किल्लत, तो कभी बड़े खिलाड़ियों का पीएसएल से नाम वापस लेकर आईपीएल में शामिल होने का फैसला। अभी इन सब बातों पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) भड़का हुआ ही था कि तभी मैदान पर एक ऐसा वाकया हो गया जिसने पूरे पाकिस्तान को शर्मसार कर दिया। सोशल मीडिया पर अब पाकिस्तान का जमकर मजाक उड़ रहा है और मामला इतना अजीब है कि आप भी सुनकर दंग रह जाएंगे।
पीएसएल का पहला मुकाबला लाहौर कलंदर्स और नई टीम हैदराबाद किंग्समेन के बीच खेला गया। इस मैच में लाहौर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ ओवरों के बाद अंपायरों ने देखा कि जो गेंद सफेद होनी चाहिए थी, उसका रंग धीरे-धीरे गुलाबी होता जा रहा है। अब आप सोचेंगे कि टी20 में पिंक बॉल कहां से आ गई? दरअसल, इसके पीछे की वजह बड़ी मजेदार और हैरान करने वाली थी।
हुआ ये कि गेंदबाजी कर रही हैदराबाद किंग्समेन की जर्सी का रंग महरून था। जब खिलाड़ी गेंद को चमकाने की कोशिश में गेंद को जर्सी से रगड़ रहे थे, तो उनकी जर्सी का रंग छूटकर गेंद पर लगने लगा। देखते ही देखते सफेद गेंद पूरी तरह से पिंक दिखने लगी। जैसे ही अंपायरों की नजर इस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत खेल रुकवाया और बॉल को बदलवाया।
अगर मैच की बात करें, तो लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें फखर जमन का बड़ा हाथ रहा, जिन्होंने 10 चौकों की मदद से शानदार 53 रन बनाए। जवाब में, रनों का पीछा करने उतरी हैदराबाद किंग्समेन की टीम टिक नहीं पाई और पूरी टीम 20 ओवर में सिर्फ 130 रनों पर ढेर हो गई। लाहौर कलंदर्स ने यह मैच 69 रनों से जीत लिया और फखर जमन को उनकी बेहतरीन पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। भले ही मैच लाहौर जीत गई, लेकिन चर्चा तो सिर्फ उस 'रंग बदलती गेंद' की ही हो रही है।
Published on:
27 Mar 2026 10:53 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
