
रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल : वसीम जाफर का एक और शतक, उत्तराखंड के खिलाफ विदर्भ मजबूत
नागपुर : उत्तराखंड और विदर्भ के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मुकाबले के पहले मैच में एक बार फिर वसीम जाफर ने शतक ठोंक दिया है। उनकी खेल उम्र बढ़ने के साथ-साथ और निखरती जा रही है। 41 साल के वसीम जाफर (नाबाद 111) और संजय रामास्वामी (नाबाद 112) के नाबाद शतकों की मदद से मौजूदा विजेता विदर्भ ने नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के पहले क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड के खिलाफ खुद को काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। मैच के दूसरे दिन खेल खत्म होने तक विदर्भ ने उत्तराखंड के पहली पारी में बनाए गए 355 रनों के जवाब में मात्र एक विकेट खोकर 260 रन बना लिए हैं। विदर्भ अब उत्तराखंड से मात्र 145 रन पीछे है। वसीम जाफर का रणजी ट्रॉफी में यह 57वां शतक जड़ा। वह इस टूर्नामेंट में 11 हजार से भी ज्यादा रन बना चुके हैं।
उत्तराखंड की ओर से सौरभ रावत ने लगाया शतक
उत्तराखंड ने दिन की शुरुआत तो छह विकेट के नुकसान पर 293 रनों के साथ की थी। वह एक समय काफी बड़ा स्कोर बनाता दिख रहा था, बुधवार को वह मंगलवार वाला खेल जारी नहीं रख सका और मात्र 62 रन जोड़कर उसके बाकी के चारों विकेट गिर गए। उत्तराखंड की ओर से सौरभ रावत ने 162 गेंदों पर 15 चौके और दो छक्कों की मदद से 108 रन बनाए। उनके अलावा अविनाश सुधा (91) नर्वस नाइंटी के शिकार हो गए।
विदर्भ के कप्तान नहीं खेल सके बड़ी पारी
दूसरे दिन अपनी पहली पारी खेलने उतरी विदर्भ ने अपने कप्तान फैज फजल (29) का जल्द ही विकेट खो दिया और यही दिन का एकमात्र विकेट भी उनकी तरफ से गिरा। फजल 45 के कुल स्कोर पर दीपक धापोला की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद संजय और जाफर ने कोई और विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों के बीच अभी तक दूसरे विकेट के लिए 215 रनों की साझेदारी हो चुकी है और दोनों क्रीज पर मजबूती से जमे हुए हैं। संजय ने अभी तक 212 गेंदों का सामना किया है और 16 चौके लगाए हैं, जबकि जाफर 153 गेंदें खेल चुके हैं। वह अब तक अपनी पारी में कुल 13 चौके लगा चुके हैं।
Published on:
16 Jan 2019 07:52 pm
