
अगर एक और गेंद मिल गया होता राशिद खान को, तो तोड़ देते सुरेश रैना सालों पुराना ये बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण की फाइनल फाइट अब तय हो चुकी है। रविवार को मुंबई के वानखडे स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदारबाद के बीच खिताबी भिड़ंत होनी है। प्वाइंट टेबल में ये दोनों टीमें शीर्ष पर रही थी। ऐसे में फाइनल मुकाबला काफी जोरदार होने की उम्मीद है। शुक्रवार को हैदराबाद ने जिस अंदाज में कोलकाता नाइटराइर्डस को उसके घरेलू मैदान में शिकस्त दी, उसे देखते हुए इस मुकाबले में भी कांटे की टक्कर होगी। हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन को फाइनल मैच में एक बार फिर राशिद खान के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
दूसरे क्वालीफायर में राशिद का बेहतरीन प्रदर्शन-
यूं तो राशिद खान का इस पूरे सीजन में प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ रहा है। लेकिन पिछले मैच में उनका एक अलग ही रूप देखने को मिला था। राशिद की पहचान एक बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाज की रही है। लेकिन केकेआर के खिलाफ हुए पिछले मैच में राशिद में बेहतरीन ऑल राउंडर की छवि देखने को मिली। राशिद ने गेंदबाजी, बल्लेबाजी के साथ-साथ फिल्डिंग में भी गजब का प्रदर्शन दिखाया।
10 गेंदों पर लगाए 34 रन-
इस मैच में राशिद उस समय क्रीज पर आए थें, जब 17.5 ओवर में हैदराबाद का स्कोर 134 रन पर 6 विकेट था। यहां से हैदराबाद का स्कोर 150 के पार हो जाएगा, इसपर भी शंका दिख रही थी। लेकिन राशिद ने पासा पलटते हुए मात्र 10 गेंदों पर 34 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 174 पहुंचा दिया। इस पारी में राशिद ने दो चौके और चार छक्के भी लगाए। इसके बाद गेंदबाजी करते हुए राशिद ने तीन विकेट चटकाया। साथ ही फिल्डिंग में दो कैच और एक रन आउट भी कराया।
तोड़ देते रैना का ये बड़ा रिकॉर्ड-
अगर इस मैच में राशिद खान को एक और गेंद खेलने को मिल जाता, तो यह बहुत हद तक संभव था कि वे सुरेश रैना के सर्वाधिक स्ट्राइक रेट के रिकॉर्ड को तोड़ देते। बता दें कि आईपीएल प्ले ऑफ के मुकाबलों में सर्वाधिक स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम पर है। रैना ने साल 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मात्र 25 गेंदों पर 87 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस पारी में रैना का स्ट्राइक रेट 348 का था। जबकि कल कोलकाता में राशिद ने 340 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। अगर राशिद को एक और गेंद मिल गया होता तो राशिद ये रिकॉर्ड तोड़ सकते थे।
Published on:
26 May 2018, 1:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.