20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rashid Khan ने देश की खातिर ठुकराई भारतीय नागरिकता की पेशकश, ‘राशिद खान: फ्रॉम स्ट्रीट्स टू स्टारडम’ में बड़ा खुलासा

Rashid Khan refused Indian citizenship offer: राशिद खान ने अपनी नई किताब ‘राशिद खान: फ्रॉम स्ट्रीट्स टू स्टारडम’ में बड़ा खुलासा किया है। उन्‍होंने बताया कि बीसीसीआई के एक बड़े अधिकारी ने उन्‍हें भारत के लिए खेलने के लिए भारतीय नागरिकता देने का प्रस्‍ताव दिया था, लेकिन उन्‍होंने देश की खातिर उसे ठुकरा दिया।

2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Apr 20, 2026

Rashid Khan refused Indian citizenship offer

अफगानिस्‍तान के स्‍टार क्रिकेटर राशिद खान। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/ACCMedia1)

Rashid Khan refused Indian citizenship offer: अफगानिस्तान के प्रति राशिद खान की वफादारी लंबे समय से उनकी कहानी का एक अहम हिस्सा रही है, लेकिन उनकी किताब में हुए एक नए खुलासे ने अब इस छवि में एक और दिलचस्प पहलू जोड़ दिया है। राशिद के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया, दोनों देशों ने नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रतिनिधित्व करने की पेशकश की थी। लेकिन, उन्होंने इन प्रस्‍तावों को ठुकरा दिया, क्योंकि वह अफगानिस्तान के अलावा किसी अन्‍य देश के लिए नहीं खेलना चाहते।

अपनी नई किताब में किया खुलासा

‘राशिद खान: फ्रॉम स्ट्रीट्स टू स्टारडम’ नामक उनकी नई किताब में यह खुलासा किया गया है। राशिद ने अपनी नई किताब में भारत और ऑस्ट्रेलिया की पेशकशों बताया कि दोनों देशों ने उनसे संपर्क किया था, लेकिन उन्‍होंने तुरंत जवाब दिया और वह अफगानिस्तान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर था। किताब में उनके हवाले से लिखा गया है कि मुझे ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों देशों से इस तरह की पेशकशें मिली थीं, लेकिन मैंने उनसे कहा कि अगर मैं अपने देश के लिए नहीं खेलूंगा तो मैं किसी और देश के लिए भी नहीं खेलूंगा।

भारत से जुड़े किस्से का विस्तार से जिक्र

किताब में भारत से जुड़े इस किस्से का और भी विस्तार से जिक्र किया गया है। राशिद बताते हैं कि यह पेशकश 2023 के आईपीएल सीजन के दौरान आई थी। उस समय वह इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े नामों में से एक थे और गुजरात टाइटन्स टीम के एक अहम खिलाड़ी थे। वह बताते हैं कि टीम के एक अधिकारी ने उन्हें बताया कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक बड़े अधिकारी उनसे मिलना चाहते हैं।

राशिद उस बातचीत का जिक्र करते हुए कहते हैं कि मैं उनके पास गया और उन्हें नमस्ते किया। हमने बातचीत शुरू की और उन्होंने कहा कि तुम्हारे देश के हालात बहुत खराब हैं। भारत आकर रहो। हम तुम्हें भारतीय कागजात देंगे, यहीं रहो, यहीं क्रिकेट खेलो। उनकी बातें सुनकर मैं हैरान रह गया और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या जवाब दूं। मैं मुस्कुराया और जवाब में कहा कि आपका बहुत-बहुत शुक्रिया। मैं अपने देश अफगानिस्तान के लिए खेल रहा हूं।

2018 में गरमाया था मुद्दा

बता दें कि 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल में राशिद ने शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके बाद भारतीय फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें भारतीय नागरिकता देेने की मांग की थी। उस दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि ये मामला गृह मंत्रालय का है। वहीं, अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा कि राशिद अफगानिस्तान के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक हैं।

राशिद खान का क्रिकेट करियर

राशिद खान के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्‍होंने अफगानिस्‍तान के लिए 2015 में डेब्‍यू किया था। वह अब तक 6 टेस्‍ट, 117 वनडे और 115 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले चुके हैं, जिनमें उन्‍होंने क्रमश: 45, 210 और 193 विकेट चटकाए तो वहीं बल्‍ले से क्रमश: 154, 1393 और 622 रन बनाए।

आईपीएल करियर

राशिद के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्‍होंने 2017 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्‍यू किया था। फिलहाल वह गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हैं। आईपीएल में अब तक वह कुल 141 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उनके नाम 164 विकेट दर्ज हैं तो वहीं बल्‍ले से उन्‍होंने 609 रन बनाए हैं।