
Royal Challengers Bangalore vs UP Warriorz, WPL 2024: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के दूसरे सीजन का दूसरा मुक़ाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और यूपी वॉरियर्स (UPW) के बीच खेला जा रहा है। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुक़ाबले में आरसीबी ने सब्बिनेनी मेघना और रिचा घोष की अर्धशतकीय पारियों की मदद से यूपी के सामने 158 रनों का लक्ष्य रखा है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 157 रन बनाए हैं। सब्बिनेनी मेघना ने 44 गेंद पर सात चौके और एक सिक्स की मदद से 53 और रिचा ने 37 गेंद पर 12 चौके की मदद से 62 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कप्तान स्मृति मंधाना ने 13 रन बनाए। बाकी अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का अंकाड़ा भी नहीं छू पाया।
सोफी डिवाइन एक, एलिस पैरी आठ रन बना सकीं। सोफी मोलिनेक्स नौ और श्रेयंका पाटिल आठ रन बनाकर नाबाद रहीं। यूपी के लिए राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो विकेट लिए। वहीं, दीप्ति, एक्लेस्टोन, मैक्ग्रा और हैरिस को एक-एक सफलता मिली।
यूपी वॉरियर्स के लिए पिछला सीजन मिला जुला रहा था। टीम ग्रुप स्टेज के बाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही थी। उन्होंने आठ में से चार मैच जीते थे और इतने ही मैचों में उन्हें हार मिली थी। वहीं स्मृति मंधाना की टीम के लिए पिछला सीजन बुरे सपने की तरह था। टीम ने आठ में से सिर्फ दो मैचों में जीत हासिल की थी और चौथे स्थान पर रही थी।
Published on:
24 Feb 2024 09:15 pm
