
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के फॉर्म की आलोचना करते हुए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग जुबानी हमला बोला था। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने साफ कहा कि पोंटिंग का भारतीय क्रिकेट से क्या लेना-देना है? मुझे लगता है कि उन्हें ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के बारे में सोचना चाहिए। इसके बाद अब इस मामले में रिकी पोंटिंग बैकफुट पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि वह गंभीर की टिप्पणियों से हैरान नहीं हैं और मैंने किसी भी तरह से कोहली पर कटाक्ष नहीं किया था।
अधिकांश फैंस को पोंटिंग से कठोर जवाब की उम्मीद थी लेकिन ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज अब इस मामले में काफी नरम नजर आ रहे हैं और पहले की तरह लड़ाई करने के लिए तैयार नहीं हैं। 7न्यूज से बातचीत के दौरान पोंटिंग से सवाल किया गया कि पर्थ में पहले टेस्ट से पहले, क्या आप भारतीय क्रिकेट टीम के कोच (गंभीर) से हाथ मिलाने जाएंगे? इस पर पोंटिंग ने हंसते हुए कहा कि अगर वह मेरे पास आते हैं, तो हां।
बता दें कि गंभीर और पोंटिंग एक-दूसरे के खिलाफ और एक-दूसरे के साथ खेल चुके हैं। इसलिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को व्यक्तिगत स्तर पर जानते हैं। पंजाब किंग्स के नवनियुक्त मुख्य कोच ने पोंटिंग ने कहा कि हमने एक-दूसरे के खिलाफ थोड़ा-बहुत क्रिकेट खेला है। मैंने वास्तव में उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स में कोचिंग दी थी। वह काफी चुलबुले स्वभाव के हैं।
वहीं, कोहली पर दिए बयान को लेकर पोंटिंग ने कहा कि किसी भी तरह से उन पर कटाक्ष नहीं था। मैंने वास्तव में यह कहकर इसका अनुसरण किया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अच्छा खेला है और वह यहां वापसी करने के लिए उत्सुक होंगे। अगर आप विराट से पूछेंगे, तो मुझे यकीन है कि वह थोड़ा चिंतित होंगे कि वह पिछले वर्षों की तरह उतने शतक नहीं बना पाए हैं। पोंटिंग ने कहा, "इसलिए यह आश्चर्यजनक है कि कैसे छोटी-छोटी चीजों को काट दिया जाता है लेकिन वह एक स्तरीय खिलाड़ी हैं और उन्होंने अतीत में ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन किया है।"
Updated on:
13 Nov 2024, 9:52 AM IST
Published on:
13 Nov 2024, 9:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.