
Rohit Sharma Mahendra Singh Dhoni Virat Kohli
मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने शनिवार 18 अप्रैल को 13 साल पूरे कर लिए। इस मौके पर एक खेल वेबसाइट के एक्सपर्ट जूरी ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) और मुंबई इंडियंस (MI) के रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को संयुक्त रूप से आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ कप्तान चुना। वहीं विराट कोहली को लीग का सर्वकालिक महान भारतीय बल्लेबाज चयनित किया गया।
धोनी और रोहित में से एक को चुनने में हुई मुश्किल
जूरी को महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा में से किसी एक को सर्वश्रेष्ठ कप्तान चुनने में काफी मुश्किल आई। इसलिए इन दोनों को संयुक्त रूप से आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ कप्तान चुना गया। बता दें कि धोनी की कप्तानी में टीम आईपीएल के 11 सीजन में से 10 बार प्लेऑफ में पहुंची है, वहीं तीन बार खिताब पर कब्जा भी जमाया है, जबकि रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी के सात सीजन में मुंबई इंडियंस को चार बार चैम्पियन बनाया है।
डिविलियर्स सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
जूरी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स को आईपीएल का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज करार दिया। जूरी के अनुसार, बल्लेबाजी में किसी को एक को चुनना काफी मुश्किल था। डिविलियर्स को विराट कोहली, सुरेश रैना और क्रिस गेल से कड़ी टक्कर मिली, लेकिन उन्होंने इन सबको पछाड़ कर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं इसी फ्रेंचाइजी के कप्तान विराट कोहली को सर्वश्रेष्ठ भारतीय बल्लेबाज। कोहली को सुरेश रैना ने बराबरी की टक्कर दी, लेकिन वह टीम इंडिया के कप्तान से जरा सा पीछे रह गए। विराट कोहली ने आईपीएल के 177 मैचों में 37.84 की औसत से 5412 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी में मलिंगा का रहा जलवा
सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की लिस्ट में मुंबई इंडियंस की पेसर मशीन लसिथ मलिंगा, कोलकाता नाइट राइडर्स के स्पिनर सुनील नरेन और भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के बीच काफी जोरदार टक्कर हुई। अंत में बाजी श्रीलंका के गेंदबाज मलिंगा के हाथ लगी, जबकि दूसरे स्थान सुनील नरेन ने कब्जा जमाया। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को महानतम भारतीय गेंदबाज चुना गया। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों की लिस्ट में वह तीसरे स्थान पर रहे।
सर्वकालिक महान आलराउंडर बने शेन वॉटसन
आईपीएल के सर्वकालिक महान आलराउंडर का खिताब ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन के सिर सजा। बता दें कि हाल-फिलहाल में वॉटसन ने कम गेंदबाजी की है, लेकिन ओवरऑल आईपीएल करियर में उनके गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में अहम योगदान के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया। वहीं सबसे बेहतरीन कोच का अवॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के स्टीफन फ्लेमिंग को मिला। उन्होंने बहुत कम अंतर से केकेआर के कोच ट्रेवर बेलिस को पछाड़ा।
जूरी में थे 50 लोग शामिल
जूरी में 50 लोग शामिल थे। इनमें से 20 पूर्व क्रिकेटर, 10 खेल पत्रकार, 10 स्टैटिशियन, सात प्रसारणकर्ता और तीन एंकर शामिल हैं। यह सूची स्टार स्पोर्ट्स के विशेषज्ञ जूरी की ओर से 'क्रिकेट कनेक्टेड' शो पर जारी की गई।
Updated on:
19 Apr 2020 12:16 pm
Published on:
19 Apr 2020 12:15 pm

बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
