
रोहित शर्मा (फोटो- IANS)
BCCI Plan for Rohit Sharma-Virat Kohli World Cup 2027: कार्डिफ़ में दूसरे वनडे में भारत की हार के बाद रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर ऐसी चर्चा शुरू हो गई है, जिसने लाखों भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। दूसरे वनडे में रोहित शर्मा 47 गेंदों में 26 रन ही बना सके। इसके बाद उनके वनडे से संन्यास की खबरों ने जोर पकड़ लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दावा किया गया कि रोहित शर्मा लॉर्ड्स में अपना आखिरी वनडे मुकाबला खेल सकते हैं। BCCI के अधिकारी 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं में उन्हें शामिल नहीं मान रहे हैं।
दूसरी ओर यह भी कहा गया कि विराट कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा बने रहेंगे। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इन खबरों के बीच भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रोहित शर्मा का समर्थन किया। उन्होंने साफ कहा कि रोहित पर किसी तरह का दबाव नहीं है। उनके इस बयान के बाद लगा कि संन्यास की खबरें महज अफहाव हो सकती हैं।
हालांकि, इसके बाद एक और खबर ने रिटायरमेंट की चर्चाओं को और हवा दे दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित शर्मा के माता-पिता लॉर्ड्स के लिए निकल चुके हैं, जहां भारत-इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा और इसी मैच के बाद रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की बात हो रही है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके संभावित विदाई मैच की चर्चा और तेज हो गई।
पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि बीसीसीआई चयन समिति और मुख्य कोच गौतम गंभीर भविष्य की योजनाओं को लेकर एक राय रखते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट रोहित शर्मा की जगह युवा खिलाड़ियों को मौका देने के पक्ष में हैं, जबकि विराट कोहली की जगह को लेकर फिलहाल कोई खतरा नहीं माना जा रहा।
लेकिन बड़ा सवाल ये है कि 2 पारियों में खराब प्रदर्शन के बाद जो लोग रोहित शर्मा का रिटायर करना चाहते हैं, अगर लॉर्ड्स में बड़ी पारी खेल देते हैं, तो क्या तस्वीर बदल सकती है? अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने 48 और 79 रन की पारियां खेली थीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका प्रदर्शन जरूर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन उससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में दो अर्धशतक लगाए थे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने 121 और 73 रन की शानदार पारियां खेली थीं।
इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी रोहित ने मैच जिताऊ पारी खेली थी। ऐसे में लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे सिर्फ सीरीज का निर्णायक मुकाबला ही नहीं, बल्कि रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर भी बेहद अहम माना जा रहा है।
Updated on:
17 Jul 2026 01:54 pm
Published on:
17 Jul 2026 01:54 pm
