
Rohit Sharma century, India vs England 3rd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरा मुक़ाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मुश्किल वक़्त पर शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जमाया है। इस शतक के साथ रोहित ने इतिहास रच दिया है।
रोहित ने चाय काल के तुरंत बाद अपना शतक पूरा किया। भारतीय कप्तान ने इस मैच में समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए 157 गेंद पर शतक ठोक दिया। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और दो सिक्स लगाए। यह रोहित के टेस्ट करियर का 11वां और अंतरराष्ट्रीय करियर का 47वां शतक है। इसी के साथ रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में 11वे नंबर पर आ गए हैं।
इस लिस्ट में उन्होंने इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को पछाड़ते हुए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज और कप्तान एबी डी विलियर्स की बराबरी कर ली है। रूट ने 340 मैचों की 441 पारियों में 46 शतक जड़े हैं। रोहित ने अबतक टेस्ट क्रिकेट में 11, वनडे में 31 और अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पांच शतक लगाए हैं।
टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा सिक्स
90 - वीरेंद्र सहवाग
79*- रोहित शर्मा
78 - एमएस धोनी
69 - सचिन तेंदुलकर
61-कपिल देव
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर आ गए हैं। रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 79वां सिक्स लगाया और महेंद्र सिंह धोनी के 78 सिक्स के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया और वीरेंद्र सहवाग के बाद भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। सहवाग ने टेस्ट में 91 सिक्स लगाए हैं।
भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन
सचिन तेंदुलकर – 34357
विराट कोहली- 26733
राहुल द्रविड़ – 24208
रोहित शर्मा – 18577*
सौरव गांगुली – 18575
इसके अलावा भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में रोहित पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पछाड़ते हुए चौथे नंबर पर आ गए हैं। रोहित अबतक 18577 रन बना चुके हैं। दादा ने अपने करियर में 18575 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में 34357 रनों के साथ टॉप पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हैं। वहीं दूसरे नंबर पर 26733 के साथ विराट कोहली और 24208 रनों के साथ तीसरे नंबर पर दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का नाम आता है।
Published on:
15 Feb 2024 02:35 pm
