
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हरी जर्सी पहनकर उतरेगी RCB (Photo - IPL)
Royal Challengers Bengaluru vs Delhi Capitals, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 24वां मुकाबला गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मुक़ाबला दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। इस मुक़ाबले में आरसीबी की टीम हरी जर्सी पहन कर उतरेगी।
हर साल आरसीबी ग्रीन जर्सी पहनकर एक मैच खेलती है। यह उनके 'ग्रीन इनिशिएटिव' का हिस्सा है जो सालों से चला आ रहा है। यह जर्सी रिसाइकल किए गए कपड़े से बनी है। आरसीबी दुनिया की एकमात्र टी20 टीम है जो पूरी तरह कार्बन न्यूट्रल है।
साल 2011 में इस पहल को शुरू किया गया था और ये अब तक कायम है। टीम का अगला लक्ष्य कार्बन न्यूट्रल से आगे बढ़कर कार्बन पॉजिटिव बनना है। फ्रेंचाइजी के CEO राजेश मेनन ने कहा, " टी20 फ्रेंचाइजी के तौर पर कार्बन न्यूट्रल दर्जा हासिल करना सालों की मेहनत का नतीजा है। हरी जर्सी इसी सोच की झलक है और हम चाहते हैं कि यह हमारे फैंस और साझेदारों को भी जिम्मेदार तरीके से जीने की प्रेरणा दे।"
मैच के दिन दर्शकों के व्यवहार का भी अध्ययन किया जाता है। स्टेडियम में सर्वे होते हैं जिनमें यह देखा जाता है कि लोग किस तरह से आए, कितनों ने कारपूलिंग की और हर दर्शक की वजह से कितना कार्बन उत्सर्जन हुआ।
स्टेडियम के अंदर कूड़े को सही तरीके से अलग करना और उसका सही निपटान सुनिश्चित करना भी इस अभियान का हिस्सा है। पर्दे के पीछे टीम की यात्रा, होटल में रुकना और रोजमर्रा के कामकाज में बिजली के इस्तेमाल का भी हिसाब रखा जाता है। पूरे सीजन मैच के दिन ऑडिट होते रहेंगे और अंत में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी जिसकी स्वतंत्र जांच भी होगी।
आरसीबी सीजन के 5 मैचों में 4 जीत के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। टीम ने पिछले 2 मैच जीते हैं और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होम ग्राउंड में होने वाले मुकाबले में अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के उद्देश्य से उतरेगी। डीसी के खिलाफ जीत हासिल कर आरसीबी अंकतालिका में पहला स्थान हासिल करना चाहेगी।
दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो टीम ने सीजन के शुरुआती 2 मैच जीते थे, लेकिन उसके बाद टीम को लगातार 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। आरसीबी के खिलाफ डीसी अपनी हार का सिलसिला तोड़ने की कोशिश करेगी।
Published on:
18 Apr 2026 01:23 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
