26 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने टीम इंडिया का काम किया आसान! 60 रन पर ढेर कर दी वेस्टइंडीज की आधी टीम

SA vs WI: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के सुपर 8 का महत्वपूर्ण मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा है, जहां साउथ अफ्रीका की जीत की उम्मीद भारतीय फैंस कर रहे हैं।

2 min read
Google source verification
SA vs WI

वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका (फोटो- IANS)

South Africa vs West Indies: आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 का 47वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने वाला प्रदर्शन किया है। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है। 7 ओवर में वेस्टइंडीज की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है और रन बने हैं सिर्फ 60। इस दौरान कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ने दो-दो विकेट झटके हैं, जबकि कॉर्बिन बॉश को एक सफलता मिली है।

SA की जीत से टीम इंडिया को होगा फायदा

आपको बता दें कि इस मुकाबले में अगर साउथ अफ्रीका जीतती है तो भारतीय टीम को फायदा होगा, क्योंकि वेस्टइंडीज को फिर भारत के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में प्रदर्शन के आधार पर उनका सेमीफाइनल का रास्ता तय होगा और सामने भारतीय टीम होगी। ऐसे में भारतीय टीम उस मुकाबले को जीतकर सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। लेकिन अगर आज साउथ अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज जीत जाती है, तो फिर भारतीय टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग धुंधली हो जाएंगी।

इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तीसरे ओवर में ही शाई होप 16 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि उन्होंने धमाकेदार शुरुआत दी और दो छक्के व एक चौका लगाया। उनके आउट होने के बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर सिमरन हेटमायर भी आउट हो गए, जिन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ वेस्टइंडीज के लिए T20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाया था। उनकी पारी की बदौलत ही वेस्टइंडीज 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही थी, जो T20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था।

हेटमायर के आउट होने के बाद वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई और 60 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। ब्रैंडन किंग, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड भी सस्ते में आउट हो गए।

आपको बता दें कि सुपर 8 के पहले ही मुकाबले में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हराया था, जिससे भारत का नेट रन रेट -3.80 हो गया था, जबकि वेस्टइंडीज ने जिंबॉब्वे को हराकर अपना नेट रन रेट +5.35 कर लिया। ऐसे में अगर आज वेस्टइंडीज की टीम हार जाती है, तो भारतीय टीम के सेमीफाइनल की राह भी आसान हो जाएगी।