
अजिंक्य रहाणे (Photo - IANS)
Ajinkya Rahane on Sachin Tendulkar: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई को सभी फॉर्म से संन्यास ले लिया। इस खबर ने कई दिग्गजों को हैरान कर दिया, जिसमें क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का भी नाम शामिल था। रहाणे की संन्यास की खबर मिलते ही सचिन तेंदुलकर ने उन्हें फोन किया और बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि आप और लंबा खेलेंगे। रहाणे ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बताया कि सचिन के अलावा उन्हें इरफान पठान का भी फोन आया, जबकि रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह ने उन्हें मैसेज किया था।
रहाणे ने बताया कि जैसे ही उन्होंने सोशल मीडिया पर रिटायरमेंट वीडियो पोस्ट किया, उसके तुरंत बाद सचिन तेंदुलकर का फोन आया। मास्टर ब्लास्टर ने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें लगता था कि रहाणे भारत के लिए और अधिक मैच खेलेंगे। रहाणे के अनुसार तेंदुलकर ने कहा, "मुझे लगता है कि मैं लंबे समय तक खेलूंगा।" हालांकि रहाणे ने उनसे कहा कि मैं इसे आगे नहीं खींचना चाहता क्योंकि मैं बिना किसी पछतावे के संन्यास ले रहा हूं।
रहाणे ने बताया कि सचिन के बाद इरफान पठान ने फोन किया, जबकि पुजारा, विराट, रोहित और बुमराह ने मुझे मैसेज किए। मैंने सभी को एक ही बात कही कि मैं बिना किसी पछतावे के संन्यास ले रहा हूं। क्योंकि मैंने खेल को अपना सब कुछ दिया था। रहाणे ने खुलासा किया की भले ही उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था लेकिन उसके बाद वह खूब रोए। उन्होंने कहा, "रिटायरमेंट को लेकर परिवार के साथ चर्चा के समय मैं भावुक था।" उन्होंने बताया कि उनके दिमाग में यही चलता रहा कि वह अब वो काम नहीं कर पाएंगे, जिसे सालों से पसंद करते थे।
भारत के लिए 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले रहाणे ने 85 मैचों की 144 पारियों में 5077 रन बनाए। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2023 में अपना आखिरी टेस्ट खेला था। रहाणे ने भारतीय टीम का वनडे और टी20 क्रिकेट में भी प्रतिनिधित्व किया था। वनडे में जहां उन्होंने 2962 रन बनाए, तो टी20 में 375 रन दर्ज हैं। रहाणे को 2016 के बाद टी20 और 2018 के बाद वनडे फॉर्मेट की टीम से बाहर कर दिया गया था लेकिन वह लगातार टेस्ट खेलते रहे। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में हार के बाद उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर खतरा मंडराने लगा था और आखिरकार वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया।
Updated on:
11 Aug 2026 11:34 am
Published on:
11 Aug 2026 11:34 am
