5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IPL 2026: CSK ने इस खिलाड़ी को किया था रिलीज, अब दिल्ली के लिए बना मैच विनर, ऑरेंज कैप भी हासिल की

सीएसके के बारे में कहा जाता है कि फ्रेंचाइजी जिन खिलाड़ियों पर निवेश करती है, उन्हें उभरने और अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने का पूरा समय देती है। समीर रिजवी के मामले में ऐसा नहीं था।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Apr 05, 2026

IPL 2026

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के विस्फोटक बल्लेबाज समीर रिजवी (photo - IPL Official Page)

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2024 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के मेरठ के एक विकेटकीपर बल्लेबाज को 8.40 करोड़ में खरीदा था। अनकैप्ड खिलाड़ी के लिए सीएसके जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी द्वारा इतनी बड़ी राशि खर्च करना सभी को हैरान कर गया था। ये खिलाड़ी थे समीर रिजवी, जो आईपीएल 2026 में डीसी के लिए सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं।

सीएसके के बारे में कहा जाता है कि फ्रेंचाइजी जिन खिलाड़ियों पर निवेश करती है, उन्हें उभरने और अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने का पूरा समय देती है। समीर रिजवी के मामले में ऐसा नहीं था। पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर सीएसके की तरफ से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले रिजवी के लिए आईपीएल 2024 उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। रिजवी सीजन के 8 मैचों की 5 पारियों में 12.75 के साधारण औसत से महज 51 रन बना सके। सीएसके का भरोसा रिजवी से उठ गया और आईपीएल 2025 से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया। रिजवी घरेलू क्रिकेट खेल रहे थे और लगातार रन बनाते रहे।

आईपीएल 2025 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने समीर पर भरोसा जताया और 95 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। रिजवी को आईपीएल 2025 में डीसी की तरफ से 5 मैच खेलने को मिले। प्रदर्शन करिश्माई तो नहीं रहा, लेकिन साधारण से बेहतर रहा। रिजवी ने 4 पारियों में 1 अर्धशतक लगाते हुए 121 रन बनाए। नाबाद 58 उनका श्रेष्ठ स्कोर रहा।

इस प्रदर्शन के बाद डीसी का भरोसा रिजवी पर और बढ़ा, और आईपीएल 2026 के लिए भी वह टीम का हिस्सा बने रहे। आईपीएल 2026 में समीर रिजवी टीम के भरोसे पर खरे उतरे हैं और टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं। आईपीएल 2026 में समीर ने डीसी को मुश्किल परिस्थितियों से निकालते हुए लगातार 2 मैच अपने दम पर जिताए हैं और टीम के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 26 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी डीसी को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए रिजवी ने नाबाद 70 रन की पारी खेल जीत दिलायी और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। मुंबई के खिलाफ मैच में भी रिजवी ने 51 गेंदों पर 7 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 90 रन बनाए। वह अपने पहले आईपीएल शतक से चूक गए लेकिन अपना विकेट खोने से पहले टीम के लिए जीत की पटकथा लिख चुके थे। मुंबई के खिलाफ भी रिजवी प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

आईपीएल 2026 की नीलामी में कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर जैसे युवाओं पर 28.40 (प्रत्येक पर 14.20 करोड़) खर्च करने वाली सीएसके 22 साल के रिजवी के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें रिलीज करने के फैसले पर पछता रही होगी। बता दें कि कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर का प्रदर्शन अब तक बेहद साधारण रहा है।