
भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। (फोटो सोर्स: IANS)
Vaibhav Sooryavanshi हाल ही में 15 साल के हुए हैं। ऐसे में उनकी भारतीय सीनियर टीम में एंट्री का रास्ता भी साफ हो गया है, लेकिन इससे पहले उन्हें कुछ और इम्तेहान देने होंगे। रिपोर्ट है कि इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक खास प्लान बनाया है। यह योजना क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में लगातार हो रही गिरावट को देखते हुए बनाई गई है। न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से हारने के बाद अब भारत अपने घरेलू मैदान पर अजेय नहीं रहा है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने की भारत की संभावनाएं काफी कम हैं। बोर्ड इस स्थिति पर ध्यान देते हुए रेड-बॉल क्रिकेट में टीम को एक बार फिर से मजबूत बनाने का काम शुरू करने वाला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वीवीएस लक्ष्मण के मार्गदर्शन में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) ने एक विस्तृत योजना तैयार की है। इस योजना के तहत वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे होनहार युवा खिलाड़ी जून-जुलाई में चार दिवसीय रेड बॉल इंट्रा-CoE टूर्नामेंट खेलेंगे। इसका मकसद एक ऐसी सप्लाई चेन की पहचान करना और उसे तैयार करना है, ताकि भारत के रेड-बॉल टैलेंट अगले 10 साल के लिए पूरी तरह तैयार रहें। बताया जा रहा है कि इस टूर्नामेंट में 25 साल से कम उम्र के 64 युवा क्रिकेटर हिस्सा लेंगे।
इन खिलाड़ियों को 16-16 की चार टीमों में बांटा जाएगा और हर टीम COE में दो चार-दिन के रेड बॉल मैच खेलेगी। सभी टीमों को मैच का सही अभ्यास देने के लिए अलग-अलग तरह की पिचें उपलब्ध कराई जाएंगी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सभी कोच और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को ये निर्देश दिए गए हैं कि एक साल तक बेंगलुरु में होने वाले ज्यादातर हाई परफॉर्मेंस कैंप का मुख्य उद्देश्य टैलेंट पूल को सही दिशा में लाना होगा, ताकि भविष्य की आवश्यकताएं पूरी हो सकें।
रिपोर्ट में बीसीसीआई सूत्र के हवाले से कहा गया है कि भारत की इमर्जिंग टीम में सिर्फ 25 साल से कम उम्र के खिलाड़ी ही शामिल होंगे और ये खिलाड़ी शैडो टूर के लिए भारत की ए टीमों का भी हिस्सा बनेंगे। इस रोडमैप को सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर को पूरी जानकारी देते हुए तैयार किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि जैसे इंडियन प्रीमियर लीग 2026 खत्म होगा, तो भारत अंडर-19 और इमर्जिंग अंडर-25 दोनों टीमें चार दिन के मैचों के लिए श्रीलंका का दौरा करेंगी। इन टीम का चयन इंट्रा COE टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
25 क्रिकेटरों (U-23) का चयन एस शरथ की अध्यक्षता वाली जूनियर चयन समिति करेगी। अन्य 25 क्रिकेटरों (U-23 और U-25) का चयन सीनियर चयन समिति करेगी। इनमें वे खिलाड़ी शामिल होंगे, जिन्होंने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, इन टूर्नामेंटों से चुने गए खिलाड़ी वे होंगे, जो आईपीएल में नहीं खेले। इन 50 के अलावा 14 अन्य खिलाड़ी आईपीएल खेलने वाले होंगे, जिनमें वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे और समीर रिजवी शामिल हैं।
Updated on:
05 Apr 2026 09:29 am
Published on:
05 Apr 2026 09:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
