
नई दिल्ली। भारत के मध्य क्रम के बल्लेबाज संजू सैमसन श्रीलंका के खिलाफ आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले से घुटने में चोट के कारण बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को बयान जारी कर कहा, सैमसन को घुटने में मोच आई है जिसके कारण वह इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। मेडिकल टीम उनकी स्थिति की जांच कर रही है।
20 जुलाई को खेल पाएंगे या नहीं?
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने हालांकि इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि सैमसन 20 जुलाई को इसी मैदान पर होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले में खेलेंगे या नहीं। इस बीच, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले से वनडे में डेब्यू किया। इससे पहले, श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। इस सीरीज के लिए श्रीलंका के कप्तान बनाए गए दासुन शनाका ने कहा कि इस मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का इतिहास रहा है इसलिए उन्होंने भी पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया।
प्रैक्टिस मैच में लय में दिखे थे सैमसन
3 वनडे मैचों की सीरीज शुरू होने से पहले संजू सैमसन ने दूसरे प्रैक्टिस मैच में भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल जैसे गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी। राजस्थान रॉयल्स ने सैमसन की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। लेकिन फैंस के लिए दुख की बात यह रही है कि संजू सैमसन चोट के चलते पहले वनडे मैच में नहीं खेल पाए।
Published on:
18 Jul 2021 06:54 pm

बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
