
Irani Cup 2024: सरफराज खान के दोहरे शतक से मुंबई ने बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मुंबई ने पहली पारी में 9 विकेट पर 536 रन बना लिए थे।
रणजी चैंपियन मुंबई की टीम ने दूसरे दिन रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ चार विकेट पर 237 रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान अजिंक्य रहाणे जहां शतक (97) से चूक गए, वहीं सरफराज खान ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने तनुश कोटियन के साथ 7वें विकेट के लिए 254 गेंद में 183 रन की साझेदारी कर टीम को और मजबूती प्रदान की।
तनुश कोटियन 124 गेंद में 6 चौके संग 64 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए मोहित अवस्थी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद सरफराज खान ने शार्दुल ठाकुर संग 9वें विकेट के लिए 89 गेंद में 73 रन की साझेदारी की। शार्दुल ठाकुर 59 गेंद में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मोहम्मद जुनेद खान (नाबाद 0 रन) और सरफराज खान (नाबाद 221 रन) क्रीज पर जमे हुए हैं।
रेस्ट ऑफ इंडिया की ओर से मुकेश कुमार सर्वाधिक सफल गेंदबाज रहे। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक उन्होंने 28 ओवर में 2 मैडन फेंकते हुए 104 रन देकर मुंबई के 4 खिलाड़ियों (पृथ्वी शॉ, हार्दिक तमोर, आयुष म्हात्रे और शम्स मुलानी) को आउट किया। उनके अलावा यश दयाल और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट चटकाए। सारांश जैन ने एक विकेट हासिल किया।
सरफराज खान ने रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ मुंबई की ओर से दोहरा शतक लगाया। ईरानी कप में यह कारनामा करने वाले चौथे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। 26 साल और 346 दिन की उम्र में सरफराज ने 253 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया।
उनके साथी खिलाड़ी यशस्वी जयसवाल 21 साल और 63 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। इस सूची में सरफराज से आगे दो अन्य दिग्गज प्रवीण आमरे (22 वर्ष और 80 दिन) और गुंडप्पा विश्वनाथ (25 वर्ष और 255 दिन) हैं।
Updated on:
02 Oct 2024 08:38 pm
Published on:
02 Oct 2024 05:55 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
