
नई दिल्ली। पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने शुक्रवार को कहा कि भारत शनिवार से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू हो रहे एशिया कप में जीत का प्रबल दावेदार है। गांगुली ने यहां ईडन गरडेस स्टेडियम में संवाददाता सम्मेलन में कहा, "भारतीय टीम अच्छी है। वह एशिया कप में अच्छा करेगी।" एशिया कप के पहले मैच में शनिवार को श्रीलंका का सामना बांग्लादेश से होगा।
कोहली की गैरमौजूदगी में रोहित कप्तान-
इस टूर्नामेंट में भारत के नियमित कप्तान और मौजूदा दौर में देश के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली नहीं खेल रहे हैं। कोहली की गैरमौजूदगी में रोहित शर्मा को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। भारतीय टीम अपना पहला मैच मंगलवार को हांगकांग के खिलाफ खेलेगी। अगले ही दिन भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
कोहली बिना भी टीम जीतने में सक्षम-
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, "भारत इंग्लैंड में बेशक अच्छा नहीं कर सका हो, लेकिन सीमित ओवरों में यह शीर्ष टीम है।" रोहित की कप्तानी पर गांगुली ने कहा, "एक कप्तान के तौर पर उनका रिकार्ड शानदार है। इसलिए मुझे उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।" गांगुली ने कहा कि कोहली के रहने से टीम हमेशा मजबूत होती है, लेकिन उनके न रहने से भी टीम जीत हासिल करने में सक्षम है। पूर्व कप्तान ने कहा, "विराट के रहते टीम बेहद मजबूत होती है, लेकिन उनके बिना भी यह टीम टूर्नामेंट जीतने का माद्दा रखती है।"
पाकिस्तान के यूएई में शानदार रिकार्ड पर भी बोले-
पाकिस्तान का यूएई में शानदार रिकार्ड है, लेकिन गांगुली का मानना है कि इससे भारत पर कोई भी अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा। गांगुली ने कहा, "हां, पाकिस्तान ने वहां अच्छा खेला है, लेकिन भारत को इससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए। वे अच्छा कर सकते हैं। वहां के हालात लगभग उसी तरह हैं जिस तरह से उपमहाद्वीप में होते हैं। भारत की वनडे टीम अच्छी है, खिताब जीतने के अच्छे आसार हैं लेकिन उन्हें जीतने के लिए अच्छा खेलना होगा।"
Published on:
15 Sep 2018, 10:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.