
एसएल अक्षय (फोटो- Dodda Ganesh X)
SL Akshay Passed Away: बेंगलूरु के पूर्व क्रिकेटर एसएल अक्षय का एक लीग मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने अक्षय के निधन पर शोक जताया है। इस खबर ने क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। यह घटना बोम्मसंद्र के एसएलएस मैदन पर नासूर मेमोरियल शील्ड एक दिवसीय लीग टूर्नामेंट के दौरान हुई। तीसरे डिवीजन लीग के इस मैच में अक्षय भारत क्रिकेट क्लब की ओर से सैफायर क्रिकेट क्लब के खिलाफ खेल रहे थे।
चार ओवर की गेंदबाजी के बाद स्लिप क्षेत्र में फील्डिंग करते समय उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी। जानकारी के मुताबिक वह आराम के लिए मैदान से बाहर चले गए। बताया जा रहा है कि पवेलियन में उन्हाेंने पानी पिया और एक केला खाया। जब बाउंड्री लाइन के पास आकर बैठे ही थे कि गिर पड़े। उन्हें तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
अक्षय के निधन से क्रिकेट जगत को गहरा सदमा लगा है। कई पूर्व खिलाड़ियों और अधिकारियों ने इस पर दुख व्यक्त किया है। आपको बता दें कि भारत के पूर्व क्रिकेटर डोड्डा गणेश ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, “क्रिकेट जगत के लिए बेहद बुरी खबर है। 39 साल तेज गेंदबाज एसएल अक्षय, जिन्हें मैंने उनके अंडर-19 के दिनों से बहुत करीब से देखा था आज एक डिवीजन मैच खेलने के दौरान उनकी मौत हो गई।”
आपको बता दें कि अक्षय 6 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके थे और 3 लिस्ट-ए मुकाबलों में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। इसके अलावा उन्होंने 9 टी20 मुकाबले भी खेले थे। वह कर्नाटक की टी20 लीग, जो अब महाराजा टी20 लीग कहलाती है, उसमें भी हिस्सा ले चुके थे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अक्षय के नाम 18 विकेट दर्ज थे, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में वह 6 विकेट चटका चुके थे। इसके अलावा टी20 क्रिकेट में भी उनके नाम 8 विकेट दर्ज थे।
अक्षय ने सौराष्ट्र के खिलाफ बेंगलुरु में साल 2011 में फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था, लेकिन दिसंबर 2012 के बाद वह कोई मुकाबला नहीं खेल सके। वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 2010 में डेब्यू किया था, जबकि 2013 में अपना आखिरी मुकाबला खेला। साल 2013 के बाद वह घरेलू क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में कोई मुकाबला नहीं खेल पाए।
Updated on:
25 May 2026 08:38 am
Published on:
25 May 2026 08:38 am
