
पाकिस्तान की महिला टीम। (फोटो सोर्स: एक्स@/crickethub_pk)
Sri Lanka W vs Pakistan W 1st ODI: श्रीलंका के दौरे पर पाकिस्तान की महिला टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे पहले मुकाबले में मेजबान श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने महज 211 रन का लक्ष्य रखा है। इसमें खास बात ये रही कि कोई श्रीलंकाई बल्लेबाज शतक तो दूर अर्धशतक भी नहीं बना सकी। जबकि पाकिस्तान की ओर से नसरू संधू ने तीन तो तस्मिया रूबाब ने दो विकेट चटकाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका महिला टीम को सलामी बल्लेबाज विश्मी गुणारत्ने और कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने पहले विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत दिलाई। गुणारत्ने 11.2 ओवर में नसरू संधू का पहला शिकार बनीं। उन्होंने 38 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 28 रन की पारी खेली। इसके बाद हसीनी परेरा क्रीज पर उतरीं और दूसरे विकेट के लिए कप्तान के साथ 75 गेंदों पर 53 रनों की साझेदारी की। 109 के स्कोर पर श्रीलंका का दूसरा विकेट अट्टापट्टू का गिरा। वह 67 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 46 रन बनाकर नसरू का दूसरा शिकार बनीं।
109 पर दो विकेट गिरने के बाद जैसे श्रीलंका के विकेटों का पतझड़ लग गया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते गए और मेजबान टीम निधारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 210 रन ही स्कोर बोर्ड पर लगा सकी। श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अट्टापट्टू और निलाक्षिका सिल्वा ने सबसे ज्यादा 46-46 रनों की पारी खेली। ये दोनों ही अपने अर्धशतकों से चूक गईं।
पाकिस्तान की महिला गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। नसरू संधू ने अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 42 रन देकर सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, तस्मिया रूबाब ने 8 ओवर में 34 रन देकर दो विकेट चटकाए। इनके अलावा कप्तान फातिमा सना, उम्म-ए-हानी और सैयदा अरूब शाह ने एक विकेट लिया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि श्रीलंका की टीम अपने घरेलू मैदान पर कैसा गेंदबाजी प्रदर्शन कर पाती है?
Updated on:
23 Jul 2026 02:00 pm
Published on:
23 Jul 2026 01:36 pm
