
मुल्तान सुल्तांस के स्टार सलामी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (photo - PSL)
Steve Smith Erupts In Anger, PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला हैदराबाद किंग्समेन (HYDK) और मुल्तान सुल्तांस (MS) के बीच खेला गया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हैदराबाद किंग्समेन ने मुल्तान सुल्तांस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा मुल्तान सुल्तांस के स्टार सलामी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ के गुस्से भरे रिएक्शन को लेकर हो रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुल्तान सुल्तांस के लिए यह रात बेहद निराशाजनक रही, खासकर स्टीव स्मिथ के लिए। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए और सिर्फ 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
तीसरे ओवर में जब स्मिथ 7 रन पर खेल रहे थे, तब मोहम्मद अली की गेंद पर उन्हें डीप में ड्रॉप कर दिया गया। लेकिन मात्र दो गेंद बाद उसी ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद अली ने हार्ड लेंथ डिलीवरी फेंकी। स्मिथ ने स्क्वायर लेग के ऊपर से मारने की कोशिश की, मगर इस बार माज़ सदाकत ने शानदार कैच लपक लिया।
आउट होने के बाद स्मिथ का गुस्सा फूट पड़ा। ड्रेसिंग रूम में लौटते ही उन्होंने अपना बल्ला जोर-जोर से पटककर तोड़ दिया। ब्रॉडकास्टर्स के कैमरों में कैद यह तस्वीर देखकर हर कोई हैरान रह गया। कमेंट्री कर रहे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ग्रेग ब्ल्यूएट ने कहा, “ऐसा देखने को बहुत कम मिलता है।" यह स्मिथ का PSL का पहला सीजन था। उन्होंने 11 पारियों में 380 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 161.70 रहा। इस दौरान स्मिथ ने एक शतक और दो अर्धशतक भी जड़े थे।
मैच की बात करें तो मुल्तान सुल्तांस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत नहीं की। कप्तान शान मसूद ने नाबाद 69 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज 18 रन से ज्यादा नहीं बना सका। मोहम्मद अली, अकीफ जावेद और हुनैन शाह ने मिलकर छह विकेट झटके और मुल्तान को 159 रनों पर रोक दिया।
दूसरी ओर, हैदराबाद किंग्समेन ने लक्ष्य को महज 15.2 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। माज़ सदाकत और उस्मान खान ने 64-64 रनों की नाबाद पारियां खेलीं और टीम को शानदार जीत दिलाई। बता दें कि हैदराबाद किंग्समेन ने टूर्नामेंट में जबरदस्त कमबैक किया। शुरुआती चार मैच हारने के बावजूद उन्होंने प्लेऑफ में जगह बनाई और अब मार्नस लाबुशेन की कप्तानी वाली इस टीम ने फाइनल फोर में अपनी जगह पक्की कर ली है।
Updated on:
30 Apr 2026 10:11 am
Published on:
30 Apr 2026 10:11 am
