
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
ICC Men's T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस क्रिकेट टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है। उससे पहले वूमेंस क्रिकेट टीम की ओर से उन्हें शुभकामनाएं मिली हैं। भारतीय महिला टीम की खिलाड़ियों ने 2025 में आईसीसी वूमेंस क्रिकेट वर्ल्डकप जीतकर इतिहास रचा था। महिला टीम अब आईसीसी इवेंट के लिए मेंस टीम को शुभकामनाएं भेज रही है। उन्होंने आने वाले टूर्नामेंट में खिताब डिफेंड करने के लिए टीम इंडिया की सफलता की कामना की है।
मेंस क्रिकेट टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में इस टूर्नामेंट में उतर रही है। टीम ने 2024 का टी20 विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीता था। ऐसे में महिला खिलाड़ियों का यह हौसला बढ़ाने वाला संदेश भारतीय क्रिकेट में एकता और आपसी सहयोग को दिखाता है। भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे पहले अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने टीम की काबिलियत पर भरोसा जताते हुए कहा, "टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप के लिए शुभकामनाएं। पूरे दिल से खेलो, मजे करो और हम सब जानते हैं कि आप यह जीतने वाले हो। शुभकामनाएं।"
टीम की उपकप्तान और स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना ने भी पुरुष टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया शानदार लग रही है और सभी को एक और ट्रॉफी का इंतजार है। उन्होंने कहा, "भारतीय टीम को शुभकामनाएं, टीम बहुत अच्छी लग रही है। हम सभी एक और कप का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन कोई दबाव नहीं है और उम्मीद है कि हम कुछ अच्छा क्रिकेट खेलेंगे।"
एकदिवसीय विश्व कप में अहम भूमिका निभाने वाली और सीरीज की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं दीप्ति शर्मा ने भारत में होने वाले टूर्नामेंट को खास बताया। उन्होंने कहा कि यह विश्व कप भारत में खेला जाएगा, इसलिए यह और भी भावनात्मक और खास होगा। ऑलराउंडर ने कहा, "बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह भारत में होने वाला है और यह बहुत खास होगा। कप घर ले आओ।" विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी पुरुष टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "आप सभी को मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। गुड लक दोस्तों।"
भारतीय महिला टीम ने 2025 में पहली बार महिला एकदिवसीय विश्व कप जीतकर यह दिखा दिया कि भारतीय क्रिकेट की भावना हर फॉर्मेट में एक जैसी है। टी20 विश्व कप में जहां पुरुष टीम शनिवार को USA के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है, वहीं महिला टीम 15 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी कर रही है। इस दौरे में पहले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे, इसके बाद तीन एकदिवसीय मैच और एक टेस्ट मैच होगा।
Updated on:
05 Feb 2026 04:11 pm
Published on:
05 Feb 2026 04:11 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
