
रोहित शर्मा (फोटो-IANS)
IND vs NZ T20 World Cup 2026 Final: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया। भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप का मानना है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया काफी मजबूत दिख रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनेगी।
आकाश दीप ने कहा, “सेमीफाइनल में जिस तरह से टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया, उसके लिए उन्हें पूरा देश बधाई दे रहा है। पूरा हिन्दुस्तान और 140 करोड़ लोग खुश हैं। सूर्यकुमार काफी लंबे समय से टीम की कप्तानी कर रहे हैं। मुझे लगता है कि भारत काफी मजबूत टीम है और हमारे चैंपियन बनने के ज्यादा चांस हैं। मेरे हिसाब से हम टी20 विश्व कप को जीतने में सफल रहेंगे।”
भारतीय टीम ने वानखेड़े के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 253 रन लगाए। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में संजू ने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। वहीं, शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रनों की दमदार पारी खेली।
254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 246 रन ही बना सकी। जैकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की लाजवाब पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। बेथेल टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। टी20 विश्व कप के इतिहास में टीम इंडिया ने कुल चौथी और लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह बनाई है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
Updated on:
06 Mar 2026 07:58 pm
Published on:
06 Mar 2026 07:57 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
