
भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और पूर्व कप्तान विराट कोहली। (फोटो सोर्स: IANS)
Vaibhav Suryavanshi could break Virat Kohli record: भारतीय टीम आज 15 जनवरी से अपने अंडर-19 वर्ल्ड कप अभियान का आगाज करने जा रही है। आज से शुरू हो रहे इस मेगा इवेंट में सबकी नजरें 14 वर्षीय होनहार भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी, जो इतिहास रचने की कगार पर है। वैभव सूर्यवंशी पिछले एक साल से एज-ग्रुप क्रिकेट में सबसे चर्चा में रहे हैं, और अब विराट कोहली के यूथ वनडे रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब है। इतना ही नहीं इस वर्ल्ड कप में उनके निशाने पर सरफराज खान, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड भी होंगे। इन्हें तोड़कर वह यूथ वनडे में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं।
भारत आज यूएसए के खिलाफ अपना टूर्नामेंट शुरू करेगा। वैभव सूर्यवंशी को अंडर-19 वनडे में विराट कोहली के 978 रनों को पार करने के लिए सिर्फ छह रनों की दरकार है। ये रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान ने 25 पारियों में बनाया था। सूर्यवंशी ने सिर्फ 18 पारियों में 54.05 की शानदार औसत से 973 रन बनाए हैं, जिसमें पहले ही तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। इसके उलट कोहली का औसत 46.57 था और उन्होंने इसी लेवल पर एक शतक और छह अर्धशतक लगाए थे।
बता दें कि वैभव यूथ वनडे क्रिकेट में अपने 1,000 रन पूरे करने से सिर्फ 27 रन दूर है। अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो वह यह मुकाम हासिल करने वाले सातवें भारतीय और शुभमन गिल और उन्मुक्त चंद के बाद तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी बन जाएंगे। इतना ही नहीं अगर वह इस वर्ल्ड कप में 432 रन बनाने में सफल हो जाते हैं तो वह यूथ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाडि़यों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच जाएंगे। सूर्यवंशी जिस तरह से बड़ी-बड़ी शतकीय पारियां खेलते हैं, अगर इस टूर्नामेंट में भी उनका बल्ला चला तो ये रिकॉर्ड भी बन सकता है।
विजय ज़ोल - 1404 रन
यशस्वी जायसवाल - 1386 रन
तन्मय श्रीवास्तव - 1316 रन
शुभमन गिल - 1149 रन
उन्मुक्त चंद - 1149 रन
सरफराज खान - 1080 रन
विराट कोहली - 978 रन
वैभव सूर्यवंशी - 973 रन
अंडर 19 वर्ल्ड कप के पांच बार के चैंपियन भारत को रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में चैंपियन रही यह टीम पिछले एडिशन में रनर-अप रही थी। अंडर-19 वर्ल्ड कप लंबे समय से भविष्य के महान खिलाड़ियों के लिए एक लॉन्चपैड रहा है, जिसमें कोहली, रोहित शर्मा, केन विलियमसन, जो रूट और स्टीव स्मिथ जैसे नाम इसी स्टेज से निकले हैं।
Published on:
15 Jan 2026 10:57 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
