21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Vaibhav Suryavanshi शतक से चूके लेकिन ट्राई नेशन A सीरीज के फाइनल में लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी

Tri Nation A Series Final: ट्राई-नेशन ए सीरीज के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली और कौशल्या वीररत्ने, सरफराज खान व अभिजीत काले के रिकॉर्ड तोड़ दिए।

2 min read
Google source verification
Vaibhav Suryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (फोटो- IANS)

Vaibhav Suryavanshi vs Sri Lanka A: दांबुला के रनगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे ट्राई-नेशन ए सीरीज के खिताबी मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। हालांकि बाद में वह शतक से चूक गए और 29 गेंदों में 94 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 8 छक्के और 10 चौके लगाए।

लिस्ट A का सबसे तेज अर्धशतक

इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। लिस्ट-ए क्रिकेट में इससे पहले सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने के नाम था, जिन्होंने 2005 में यह कारनामा किया था। सूर्यवंशी ने 21 साल बाद उस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर अपना नाम इतिहास में दर्ज करा लिया है।

आपको बता दें कि वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक ठोका था। 2025 में आयरलैंड के खिलाफ वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड ने भी 16 गेंदों में एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी की थी, लेकिन आज तक कोई उसे तोड़ नहीं पाया है।

क्यों नहीं टूटा डिविलियर्स का रिकॉर्ड?

हालांकि लिस्ट-ए क्रिकेट एक तरह का वनडे क्रिकेट ही है, लेकिन इंटरनेशनल रिकॉर्ड आज भी एबी डिविलियर्स के नाम दर्ज है, क्योंकि इंडिया ए के मैच इंटरनेशनल वनडे में नहीं गिने जाते हैं। हालांकि जिस अंदाज में सूर्यवंशी बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखते हुए लगता है कि उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखने के बाद वनडे का यह रिकॉर्ड ज्यादा दिनों तक सुरक्षित नहीं रहेगा।

इस मुकाबले में सूर्यवंशी ने सरफराज खान का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिन्होंने पिछले साल मुंबई के लिए खेलते हुए पंजाब के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। यह भारत के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक था। सरफराज खान ने 1995 में अभिजीत काले द्वारा बनाए गए 16 गेंदों में अर्धशतक के रिकॉर्ड को तोड़ा था।

आलोचकों के मुंह पर जड़ा ताला

इस मुकाबले में सूर्यवंशी को दो जीवनदान भी मिले। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में 100 रन की साझेदारी कर डाली। ट्राई-नेशन ए सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का यह पांचवां मुकाबला था। पिछले चार मैचों में वह सिर्फ 117 रन बना पाए थे, जिसकी वजह से उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे थे। लेकिन फाइनल मुकाबले में उन्होंने ताबड़तोड़ 94 रन ठोककर आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया।