
Vijay Hazare Trophy: केरल, दिल्ली और आंध्र प्रदेश की जीत, इन युवा खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
नई दिल्ली। विजय हजारे टॉफी में सोमवार को केरल ने सौराष्ट्र को 46 रनों से हरा दिया। केरल की ओर से कप्तान सचिन बेबी (92) और विष्णु विनोद (62) की बेहतरीन पारियों के बाद बासिल थम्पी की घातक गेंदबाजी के दम पर पालम स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के मैच में सौराष्ट्र को 46 रनों से हरा दिया। इस हार से सौराष्ट्र के अगले दौर में जाने की संभावनाओं को झटका लगा है। केरल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 316 रन बनाए थे। सौराष्ट्र की टीम तीन गेंद शेष रहते हुए 270 रनों पर ऑल आउट हो गई।
केरल की ओर से सचिन और विनोद की अच्छी पारी-
उसके लिए समर्थ व्यास ने 96 गेंदों पर आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा चिराग जानी ने 66 रन बनाए। इन दोनों की पारियां हालांकि टीम को जीत नहीं दिला पाईं। थम्पी ने चार विकेट लेकर सौराष्ट्र के बल्लेबाजों को पैर जमाने का मौका नहीं दिया। थम्पी के अलावा केसी अक्षय ने तीन विकेट हासिल किए। इससे पहले केरल ने सचिन और विनोद की पारियों के दम पर बड़ा स्कोर खड़ा किया था। सचिन ने 72 गेंदों की पारी में छह चौके और इतने ही छक्के लगाए। विनोद ने 71 गेंदों की पारी में आठ चौके और एक सिक्स लगाया।
दिल्ली ने छत्तीसगढ़ को हराया-
वहीं फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेले गए इसी ग्रुप के एक अन्य मैच में दिल्ली ने एक आसान से मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 44 रनों से हरा दिया। छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों ने हालांकि दिल्ली को बड़ा स्कोर खड़ा नहीं करने दिया और निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 249 रनों पर ही रोक दिया।
दिल्ली के लिए कुलवंत की अच्छी गेंदबाजी-
दिल्ली के लिए लक्ष्य थारेज ने सर्वाधिक 53 रन बनाए जिसके लिए उन्होंने 72 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए। छत्तीसगढ़ के लिए इस लक्ष्य को हासिल करना भी कुलवंत खेजोलिया ने मुश्किल कर दिया। कुलवंत के चार विकेट के अलावा पवन नेगी, और ललित यादव ने दो-दो विकेट लिए। इन सभी की घातक और कसी हुई गेंदबाजी के कारण छत्तीसगढ़ 45.1 ओवरों में 201 रनों पर ऑल आउट होकर मैच हार गई।
आंध्र प्रदेश ने मध्य प्रदेश को हराया-
इसी ग्रुप के तीसरे मैच में आंध्र प्रदेश ने एक लो स्कोरिंग मुकाबले में मध्यप्रदेश को सात विकेट से मात दे अगले दौर की अपनी दावेदारी को पुख्ता कर लिया। शोएब मोहम्मद खान के चार और हनुमा विहारी के तीन विकेटों की बदौलत आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी मध्यप्रदेश को 41.4 ओवरों में 155 रनों पर ढेर कर दिया।
आंध्र प्रदेश क्वार्टर फाइनल में-
आंध्र प्रदेश को इस आसान से लक्ष्य को पाने में कोई मुश्किल नहीं हुई। उसने तीन विकेट खोकर 34.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली। रिकी भुई 74 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के मार 56 रन बनाकर नाबाद रहे। बोदापाती समुंथ ने 60 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 46 रन बनाए। इससे पहले मध्य प्रदेश के सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू सके। आनंद सिंह ने सर्वाधिक 70 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 103 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके लगाए।
Updated on:
8 Oct 2018, 7:36 PM IST
Published on:
8 Oct 2018, 7:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.