
जोश में होश खो बैठे प्रशंसक, तोड़ डाला विराट कोहली के पुतले का कान
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्थित मैडम तुषाद म्यूजियम में भारतीय कप्तान विराट कोहली के मोम के पुतले को लगाए अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि पुतले के साथ अनहोनी घटना घट गई। 6 जून को इस पुतले का अनावरण किया गया था। पुतले के अनावरण की जानकारी विराट कोहली ने अपने इंस्टाग्राम से जानकारी दी थी। जिसके बाद इस कार्यक्रम में प्रशंसकों का काफी हुजूम जुटा था। प्रशंसकों की भीड़ में लोगों ने विराट कोहली के पुतले के साथ जमकर सेल्फी भी ली। लेकिन सेल्फी लेने की इसी भागमभाग में विराट कोहली के पुतले का दाहिना कान टूट गया।
सेल्फी लेने के चक्कर में हुई ये घटना-
पुतले के साथ हुई इस घटना के पीछे सेल्फी लेना सबसे बड़ी वजह बताई जा रही है। बता दें कि पुतले के अनावरण के कुछ देर बाद तक सब चीजें ठीक थीं। लेकिन म्यूजियम में फैंस की संख्या अचानक बढ़ने और पुतले संग सेल्फी-फोटो लेने की चाहत के कारण ये घटना हो गई। हालांकि जैसे ही मैडम तुसाद प्रबंधन का ध्यान इस तरफ गया, उसके बाद तुरंत ही पुतले के टूटे हुए कान को दुरुस्त करा कर फिर से लगा दिया गया।
कपिल और सचिन के साथ थे कोहली-
इस म्यूजियम में विराट कोहली अकेले क्रिकेटर नहीं है। कोहली के अलावा म्यूजियम में सचिन तेंदुलकर और कपिल देव का पुतला भी लगाया गया है। आपको बता कि ये सभी पुतले लंदन स्थित म्यूजिम की टीम से आए हुए कारीगरों ने तैयार किए हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली इस समय गर्दन में मोच की समस्या के कारण आराम कर रहे है। ये चोट कोहली को आईपीएल के दौरान लगी थी। जिसके चलते उनका काउंटी क्रिकेट खेलने का सपना टूट गया था। कप्तान कोहली इस महीने में अफगानिस्तान के साथ होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट में भी नहीं खेलेंगे। ऐसे में अब कप्तान कोहली के आयरलैंड के साथ होने वाले टी-20 सीरीज से खेलते दिखेंगे।
Published on:
8 Jun 2018, 1:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.