
नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन वनडे मैचों की श्रंखला का आखिरी और निर्णायक मुकाबला आज कानपुर के ग्रीन पार्क मैदान पर खेला जाना है। इस मैच में विराट कोहली के पास विश्व रिकॉर्ड बनाने का सबसे बड़ा और सुनहरा मौका है। वैसे भी कानपुर का मैदान कप्तान विराट कोहली के लिए कई मायनों में ख़ास माना जाता है. कानपुर के ग्रीन पार्क मैदान पर विराट अब तक दो बार अलग-अलग फार्मेट के मैच में कप्तानी कर चुके हैं। विराट कोहली ने टीम इंडिया के लिए ग्रीन पार्क स्टेडियम पर भारत का 500 वां टेस्ट मैच भी खेला था। 22-26 सितंबर 2016 को खेले गए इस टेस्ट मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया था।
इससे पहले कप्तान विराट कोहली ने ग्रीनपार्क मैदान पर पहले अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच में भी कप्तानी की थी। यह टी-20 मैच इसी साल 26 जनवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेला गया था।
बन जायेंगे सबसे तेज 9 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज-
आज के मैच में विराट कोहली अगर 83 रन ठोक देते हैं तो वह सबसे तेज 9 हजार रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली ने अब तक अपने करियर में खेले गये 201 वनडे मैचों की 193 पारियों में 8917 रन बनाए हैं।
एबी डिविलियर्स के नाम दर्ज़ है रिकॉर्ड-
फिलहाल सबसे तेज 9 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल द.अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम है, जो उन्होंने इस साल की शुरुआत में बनाया था। डिविलियर्स ने 214 मैचों की 205 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया था। इसका मतलब है कि विराट कोहली के पास 11 पारियां हैं, जिनमें वह यह रिकॉर्ड बना सकते हैं। लेकिन क्रिकेट प्रेमियों को यही उम्मीद होगी कि विराट बतौर कप्तान शानदार खेल दिखाकर न सिर्फ यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएं, बल्कि लगातार सातवीं सीरीज जीत भी दर्ज करें।
Published on:
29 Oct 2017 10:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
