
WTC 2025 Final Scenario: न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैच हारने के बाद भारतीय टीम का लगातार तीसरी बार आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल खेलने का सपना टूट सकता है। हालांकि भारतीय टीम अभी भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में शीर्ष पर है लेकिन लगातार दो हार से अन्य टीमों के लिए भी फाइनल में जगह बनाने के दरवाजे खुल गए हैं। भारतीय टीम डब्ल्यूटीसी के फाइनल में लगातार दो बार पहुंची है लेकिन कभी चैंपियन नहीं बन सकी है। पहली बार भारतीय टीम को न्यूजीलैंड और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में हराकर ट्रॉफी जीती।
डब्ल्यूटीसी 2023-25 का फाइनल अगले साल 15 जून को लंदन में खेला जाएगा। फाइनल से पहले सिर्फ 20 टेस्ट मैच बाकी है और पांच टीमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंचने की दावेदार हैं। वहीं, इंग्लैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीमें फाइनल की होड़ से बाहर हो चुकी हैं।
भारतीय टीम को न्यूजीलैंड से एक मुकाबला मुंबई में खेलना है। इसके बाद भारतीय टीम पांच टेस्ट की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। भारतीय टीम यदि छह में से चार टेस्ट जीत लेती है तो उसका फाइनल में स्थान पक्का हो जाएगा। भारतीय टीम यदि न्यूजीलैंड को तीसरे टेस्ट में हरा देती है और फिर ऑस्ट्रलिया पर 3-2 से जीत दर्ज करती है तो उसके 64.04 फीसदी अंक हो जाएंगे और वह फाइनल में पहुंच जाएगी।
तो हो जाएगी मुश्किल: भारतीय टीम यदि न्यूजीलैंड से तीसरा टेस्ट भी हार जाती है और ऑस्ट्रेलिया में वह बिना कोई टेस्ट जीते सीरीज हारती है तो उसके लिए मुश्किलें काफी बढ़ जाएगी।
भारत के खिलाफ सीरीज से पहले न्यूजीलैंड की फाइनल में जगह बनाने की संभावना बेहद कम थी लेकिन अब उसके लिए दरवाजे खुल गए हैं। इसके लिए कीवी टीम को भारत और इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले सभी चार मुकाबले जीतने होंगे।
तो हो जाएगी मुश्किल: चार टेस्ट जीतने पर न्यूजीलैंड के 64.29 अंक होंगे। हालांकि इसके बावजूद उसका फाइनल में पहुंचना तय नहीं है। लेकिन यदि कीवी टीम एक मैच भी हारी को वो फाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम यदि भारत को 3-2 से और श्रीलंका को 1-0 से हरा दे तो उसके 62.28 फीसदी अंक हो जाएंगे और वह डब्ल्यूटीसी तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी। अभी कंगारू टीम तालिका में दूसरे स्थान पर है।
तो हो जाएगी मुश्किल: यदि ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज 2-3 से हारती है और फिर श्रीलंका में भी वो 0-1 से सीरीज हार जाए, तो वह तालिका में शीर्ष पर नहीं पहुंचेगी।
दक्षिण अफ्रीकी टीम यदि पांचों टेस्ट मैच जीत लेती है तो उसके 69.44 फीसदी अंक हो जाएंगे और उसकी फाइनल में जगह पक्की हो जाएगी। ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया में से कोई एक टीम ही इतने अंकों तक पहुंच पाएगी।
तो हो जाएगी मुश्किल: यदि द. अफ्रीका चार टेस्ट जीती और एक ड्रॉ खेला, तब भी वह दावेदार होगी। यदि वह एक टेस्ट हारी तो भी फाइनल में जगह बना सकती है, लेकिन यदि दो टेस्ट हारी तो मुश्किल हो जाएगी।
श्रीलंकाई टीम यदि सभी चार टेस्ट जीत लेती है तो उसके 69.23 फीसदी अंक हो जाएंगे और वह आसानी से डब्ल्यूटीसी के फाइनल में जगह बना लेगी। यदि वह एक हारी और तीन जीती, तब भी फाइनल में पहुंचने की दावेदार होगी।
तो हो जाएगी मुश्किल: यदि श्रीलंकाई टीम दो टेस्ट हारती है तो उसके लिए फाइनल के दरवाजे बंद हो जाएंगे। यदि वह दो टेस्ट जीती और दो ड्रॉ खेले, तब भी उसके लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी।
Updated on:
28 Oct 2024 10:47 am
Published on:
28 Oct 2024 10:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
