आईसीसी ने लायन के हवाले से लिखा, "दक्षिण अफ्रीका के पास कुछ वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज हैं। जाहिर है कि उनके पास कुछ अविश्वसनीय गेंदबाज भी हैं, इसलिए यह एक शानदार चुनौती होगी। यह विदेशी परिस्थितियों और ड्यूक्स बॉल के साथ अलग तरह की चुनौती होगी।" वर्तमान रेड-बॉल सर्किट में दक्षिण अफ्रीका की शानदार फॉर्म नाथन लायन की चिंता को और बढ़ाती है। सलामी बल्लेबाज रयान रिकेल्टन अपने पिछले मैच में 259 रन की धमाकेदार पारी खेलने के बाद लंदन पहुंचे हैं, जबकि कप्तान टेंबा बावुमा और मध्यक्रम के मुख्य खिलाड़ी डेविड बेडिंगहाम, दोनों ने डब्ल्यूटीसी चक्र के दौरान 600 से अधिक रन बनाए हैं।