
Yashasvi Jaiswal rohit sharma records West Indies vs India, 1st Test: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुक़ाबला डोमिनिका के विंडसर पार्क में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाए और पहले विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी की। इसी के साथ जायसवाल और रोहित ने 21 साल पुराने एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
रोहित-यशस्वी ने तोड़ा 21 साल पुराना रिकॉर्ड
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे अधिक रन की साझेदारी करने वाली भारतीय जोड़ी बन गई है। दोनों ने संजय बांगड़ और वीरेंद्र सहवाग की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। साल 2002 में सहवाग और बांगड़ ने पारी की शुरुआत करते हुए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 201 रनों की साझेदारी बनाई थी। सहवाग और जाफर ने 2006 में ग्रॉस आइसेल में 159 रन जोड़े थे। 1978 में सुनील गावस्कर और चेतन चौहान की जोड़ी ने मुंबई में 153 रन की साझेदारी की थी। वहीं, 1976 में गावस्कर और अंशुमान गायकवाड़ की जोड़ी ने किंगस्टन में 136 रन जोड़े थे।
छठी बार विदेश में भारत के दोनों ओपनर्स ने एक पारी में शतक लगाया -
रोहित ने 10 चौकों और दो छक्कों के साथ 103 रन की तो यशस्वी ने 14 चौकों की मदद से नाबाद 143 रन की पारी खेली। यह छठी बार है जब विदेश में भारत के दोनों ओपनर्स ने एक पारी में शतक लगाया है। इससे पहले 1936 में विजय मर्चेंट और मुश्ताक अली ने इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड टैफर्ड में ऐसा किया था। उनके अलावा 1985-86 में सुनील गावस्कर और क्रिस श्रीकांत ने सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 2006 में वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ ने लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ, 2007 में वसीम जाफर और दिनेश कार्तिक ने मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ और 2015 में मुरली विजय और शिखर धवन ने फातुल्ला में बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा कर चुके हैं।
वेस्टइंडीज की सरजमीं पर 2006 के बाद शतकीय साझेदारी -
रोहित-यशस्वी वेस्टइंडीज की सरजमीं पर 2006 के बाद शतकीय साझेदारी करने वाले पहले सलामी जोड़ी बने। भारत की केवल चार सलामी जोड़ियों ने कैरिबियाई मैदान पर शतकीय साझेदारी की है। साल 1971 में सुनील गावस्कर और अशोक मांकड़ ने नाबाद 123 रनों की साझेदारी की थी। इसके अलावा गावस्कर ने अंशुमन गायकवाड़ के साथ शतकीय साझेदारी की थी। वहीं वीरेंद्र सहवाग और वसीम जाफर की सलामी जोड़ी ने मिलकर साल 2006 में 159 रन बनाए थे।
450 से ज्यादा गेंदों का किया सामना -
भारत के कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर कुल 454 गेंदों का सामना किया। भारतीय ओपनिंग जोड़ी द्वारा एक पारी में सबसे ज्यादा गेंदों का सामना करने के मामले में मुरली विजय और शिखर धवन की जोड़ी को पीछे छोड़ा। विजय और धवन ने 2015 में फातुल्ला में बांग्लादेश के खिलाफ 407 गेंदों तक एक भी विकेट नहीं गिरने दिया था। वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ की जोड़ी ने 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर में 461 गेंदों का सामना किया था। इस मामले में शीर्ष पर रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल की जोड़ी है। दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में 2019 में 492 गेंद खेले थे।
Published on:
14 Jul 2023 12:02 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
