Attempt to rob PNB ATM in Neemrana: नीमराणा कस्बे में बुधवार देर रात बदमाशों ने एक बड़ी लूट की कोशिश की। दो बदमाशों ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम को लूटने का प्रयास किया। घटना रात 12 बजे के बाद की है जब बदमाश एटीएम में मौजूद लाखों की राशि लूटने की कोशिश कर रहे थे। एक दुकानदार को एटीएम लूटने की भनक लग गई। उसने तत्काल बैंक कर्मियों को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने एक बदमाश को काबू कर लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घटना स्थल पर पुलिस ने बदमाशों द्वारा लाए गए एक इको गाड़ी को भी जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने एटीएम के सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक स्प्रे कर दिया था, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
पीएनबी के अलर्ट कंट्रोल रूम से एटीएम काटने का अलर्ट जारी किया गया था, जिससे बैंक अधिकारियों और पुलिस को समय रहते सूचित किया जा सका। पुलिस अब फरार बदमाश की तलाश में जुटी है और घटना की गहराई से जांच कर रही है। इस सतर्कता से एटीएम लूटने की बड़ी वारदात को टाल दिया गया और लाखों की राशि सुरक्षित बचा ली गई।