
ट्रेनी महिला आरक्षी के साथ अश्लील हरकत करने वाला सूबेदार गिरफ्तार, आरोप साबित हुए तो होगा बर्खास्त
नई दिल्ली। पटना में बिहार सैन्य बल (बीएमपी)-5 में प्रशिक्षण ले रही एक महिला आरक्षी के साथ छेड़छाड़ के आरोप में बुधवार को वहां के सूबेदार शंभु शरण राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीजीपी के एस किदवई ने कहा कि मामले की जानकारी के बाद राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज भी कर लिया गया है। विभाग की कार्रवाई भी पूरी हो गई है। अगर आरोप साबित होते हैं तो राठौड़ को बर्खास्त कर दिया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक (बीएमपी) गुप्तेश्वर पांडेय ने बताया कि आरोपी सूबेदार शंभु शरण राठौड़ को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी सूबेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्देश दिया गया है। मामले की जांच के बाद विभागीय कार्रवाई के तहत आरोपी को दोषी पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त किया जाएगा. पांडेय ने बताया कि इस तरह की हरकत को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आपको बता दें कि महिला आरक्षी के साथ छेड़छाड़ करने वाले सूबेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर बीएमपी-5 में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही अन्य महिला आरक्षियों ने बुधवार को कुछ देर के लिए प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रही प्रशिक्षु आरक्षियों में से एक ने कहा कि उक्त सूबेदार के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई हो कि जिस तरह हम लोग डर और असुरक्षा महसूस कर रहे हैं, वैसा ही डर उनकी आंखों में हो तथा वैसे ही उनकी धड़कन तेज हो जैसा कि इस घटना के बाद हम लोगों की हो गई है।
ये है पूरा मामला
पीड़ित महिला आरक्षी की शिकायत के मुताबिक शंभु शरण राठौड़ के कक्ष में जाने पर सूबेदार ने उसके साथ 'जबरदस्ती' की कोशिश की और अपने कक्ष से बाहर नहीं निकलने दिया। जब पीड़िता उनके कमरे से निकलकर भागी तो सूबेदार ने यह कहते हुए कि तुमसे काम है, उसे फिर आने को कहा था। इसके बाद उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
Updated on:
1 Nov 2018, 8:12 AM IST
Published on:
1 Nov 2018, 8:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.